प्रशासन की बड़ी कामयाबी, महाराष्ट्र से मजदूरों को सकुशल छुड़ाया गया
प्रशासन की बड़ी कामयाबी, महाराष्ट्र से मजदूरों को सकुशल छुड़ाया गया
एमपी के बुरहानपुर जिले के पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार पाटीदार और तत्कालीन कलेक्टर भव्या मित्तल की पहल के बाद महाराष्ट्र से मजदूरों को सकुशल छुड़ाया गया है। आरोप है कि महाराष्ट्र के उस्मानाबाद जिले के कलंभ थाना क्षेत्र के ग्राम गंभीरवाड़ी में 9 मजदूरों को बंधक बनाकर काम लिया जा रहा था।
मजदूरों ने बुरहानपुर प्रशासन से गुहार लगाई, इसके बाद तत्कालीन कलेक्टर भव्या मित्तल और एसपी देवेंद्र कुमार पाटीदार ने महाराष्ट्र उस्मानाबाद एसपी कलेक्टर को पत्र लिखा, इसमें मजदूरों को छुड़ाने के लिए मदद मांगी गई। इसके बाद शाहपुर थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा ने टीम बनाकर उस्मानाबाद रवाना किया, यहां कलंभ थाना क्षेत्र पुलिस के सहयोग से ग्राम गंभीरवाड़ी से मजदूरों को मुक्त कराया गया है।
इस रेस्क्यू ऑपरेशन में 4 पुरुष, 5 महिला और 8 बच्चों को सकुशल छुड़ाया गया है। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की मदद से मजदूर घर लौट आए हैं, पुलिस ने इन मजदूरों को उनके गांव बंभाड़ा भेज दिया है।
बता दें कि बुरहानपुर जिला मुख्यालय से 15 किमी दूर बंभाड़ा गांव के 9 मजदूर अपने साथ 8 बच्चों को लेकर काम की तलाश में महाराष्ट्र रवाना हुए थे। आरोप है कि वहां उन्हें जबरन बंधक बना लिया गया और उनसे अधिक काम कराया जाने लगा। इसकी भनक शाहपुर में रह रहे परिजनों को लगी तो उन्होंने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई।