Sagar-स्टॉप डेम घोटाला,किसानों के हक पर डाका,दो पंचायतों से 12 लाख की बंदरबांट का खुलासा
सागर जिले के खुरई में किसानो को सिंचाई करने सरकार ने स्टॉप डेम का निर्माण कराया, लेकिन जिम्मेदारों ने इसे कमाई का जरिया बनाकर खूब मलाई कूटी है, घटिया काम की वजह से स्टॉप डेम बारिश में ही बह गया, जिसकी वजह से अब आलम यह है कि ना तो किसानो को पानी उपलब्ध हो पा रहा है, और ना ही अधिकारियों को यह भ्रष्टाचार दिखाई दे रहा है,
इंतहा तो तब हो गई जब एक डेम के लिए दो अलग अलग पंचायत से लाखों की राशि मरम्मत कार्य के लिए निकाल ली गई, इस काम में करीब 12 लाख रूपये की राषि निकाल कर बंदरबाट की गई है, आरटीआई में निकाली जानकारी से यह खुलासा हुआ है, अब इस मामले में अधिकारी नोटिस देकर बसूली करने की बात कर रहे है,
दरअसल यह मामला खुरई जनपद के नारधा पंचायत में बने एक स्टाप डेम निर्माण का है जिसमें परासरी पठा के पास एक स्टाप डेम का निर्माण वर्ष 2011 में आरईएस द्वारा किया गया था। इसके बाद इसी स्टाप डेम के जीर्णोद्धार के लिये वर्ष 2021-22 में खुरई की नारधा पंचायत से 4 लाख 32 हजार रुपये स्वीकृत कराये गये। जबकि इसी समय मालथौन की उजनेट पंचायत से 7 लाख 38 हजार की राशि स्वीकृत की गई थी।
लेकिन इस पर मामूली सा कार्य कराकर पूरी राशि का गबन किया गया। मरम्मत कार्य भी इतना घटिया था कि सीसी में गिट्टी रेत के स्थाना पर बड़े बड़े पत्थर भरे गये और सरियों का उपयोग नाम मात्र का किया गया जिससे बरसात में किया गया मरम्मत कार्य बह गया। नतीजा यह हुआ कि स्टापडेम में पानी नहीं रुक पा रहा जिससे ग्रामीणों को सिंचाई का लाभ नहीं मिल रहा।
मामले का खुलासा होने पर खुरई जनपद सीईओ द्वारा निरीक्षण करने के बाद संबंधित लोगों को नोटिस जारी की गई। लेकिन जिन अधिकारियों के कारण भ्रष्टाचार किया गया उनको नोटिस जारी नहीं किया गया। इस मामले में बड़ी बात यह भी है कि जब स्टाप डेम खुरई जनपद की नारधा पंचायत का है तब मालथौन की जनपद से कैसे राशि निकाली गई। इसकी शिकायत कलेक्टर से की गई।