सागर के लाखा बंजारा झील में गंगा आरती में पहुंचे कथावाचक इंद्रेश जी उपाध्याय
सागर के लाखा बंजारा झील में बसंत पंचमी के अवसर पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। इस आयोजन में वृंदावन से आए प्रसिद्ध कथावाचक इंद्रेश जी उपाध्याय ने विधायक शैलेंद्र जैन, निगमायुक्त राजकुमार खत्री, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी सहित विशाल जनसमूह के साथ आरती की और धर्मलाभ लिया। इस अवसर पर बुंदेलखंड के लोकप्रिय नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। कथावाचक इंद्रेश जी ने सभी लोककलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके साथ फोटो खिंचवाई। उन्होंने गंगा आरती के आयोजन की सराहना की और कहा कि यह आयोजन हरिद्वार एवं बनारस जैसा ही है।
दरअसल सागर की ऐतिहासिक झील को साफ-स्वच्छ रखते हुये जलस्रोत संरक्षण, जल संवर्धन और प्रकृति संरक्षण के लिए नागरिकों में जागरूकता लाने हेतु प्रारम्भ की गई माँ गंगा की आरती में प्रत्येक सोमवार को श्रद्धालुओं की बढ़ती हुई संख्या आस्था और श्रद्धा का केंद्र बन रही है।गंगा आरती में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ ही बाहर से आने वाले अन्य शहरों के नागरिक भी उत्साह के साथ चकराघाट पर गंगा आरती में शामिल हो रहे हैं । शहर की साफ-सफाई और स्वच्छ पर्यावरण हेतु नागरिकों को जागरुक कर झील एवं शहर को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त करने का कार्य किया जा रहा है। निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने नागरिकों से अपील की कि वे शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि पूजन सामग्री को निर्मल कुंड में ही डालें और घरों के आसपास साफ-सफाई रखें।