सागर कलेक्टर ने दो छात्राओं को सम्मानित किया,जिन्होंने अपने शिक्षक की जा-न बचाई थी। | sagar tv news
सागर कलेक्टर संदीप जीआर ने सोमवार को सागर जिले के देवरी विधानसभा के केसली शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जमुनिया चिखली की दो छात्राओं निशिका यादव और प्रतीक्षा विश्वकर्मा को सम्मानित किया। इन छात्राओं ने अपने शिक्षक महिपाल ठाकुर की जान बचाई थी, जब उन्हें गणतंत्र दिवस पर प्रभात फेरी के कार्यक्रम के पश्चात् हार्ट अटैक आया था।
इन छात्राओं ने अपनी सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए शिक्षक को सीपीआर दिया, जिससे उनकी जान बचाई जा सकी। यह घटना हमें यह सोचने पर मजबूर करती है कि कैसे सही शिक्षा और प्रशिक्षण से व्यक्ति आपातकालीन परिस्थितियों में बेहतर प्रतिक्रिया दे सकता है और स्वयं के साथ-साथ दूसरों के जीवन की रक्षा कर सकता है। छात्राओं ने बताया कि जब उन्होंने शिक्षक को देखा, तो उनकी नाड़ी नहीं चल रही थी और वे सांस भी नहीं ले पा रहे थे।
ऐसे में उन्होंने तुरंत सीपीआर देना शुरू किया, जिससे शिक्षक की सांस पुनः चलने लगी। जब तक एंबुलेंस पहुंची, तब तक शिक्षक को स्थिर स्थिति में रखा गया और बाद में उन्हें देवरी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उचित उपचार किया गया। यह उल्लेखनीय है कि दोनों छात्राएं व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत अध्ययनरत हैं।
कुछ समय पूर्व ही वरिष्ठ डॉक्टर डॉ. राहुल बारोलिया, डॉ. रूपेश ठाकुर और गोविंद बर्दिया द्वारा छात्राओं को सीपीआर संबंधी प्रशिक्षण दिया गया था। इसी प्रशिक्षण का लाभ यह हुआ कि छात्राएं सही समय पर सीपीआर देकर शिक्षक की जान बचाने में सफल रहीं।