Sagar-सरपंच मर्डर केस में एसपी ऑफिस में कुशवाहा समाज ने दिया धरना | sagar tv news |
सागर जिले के हलऊ सरपंच मर्डर मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग को लेकर मंगलवार को कुशवाहा समाज के लोग एसपी कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने मांगों को लेकर एसपी विकास शाहवाल को ज्ञापन सौंपने की बात कही, लेकिन एसपी ज्ञापन लेने के लिए बाहर नहीं आए। इसी बात से गुस्साए कुशवाहा समाज के लोग नारेबाजी करने लगे। वे एसपी कार्यालय के गेट पर धरने पर बैठ गए।
उन्होंने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना समेत पुलिस लाइन का बल मौके पर पहुंचा। सीएसपी नीलम चौधरी ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाइश दी। जिस पर धरना प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि सरपंच की हत्या हो गई, लेकिन एसपी हमारी बात सुनने भी बाहर नहीं आ सकते। उन्होंने विरोध करते हुए सागर में कुशवाहा समाज द्वारा आंदोलन करने की चेतावनी दी। काफी समझाइश के बाद लोग माने और वापस चले गए।
दरअसल, खिमलासा थाना क्षेत्र के ग्राम हलऊ में 22 जनवरी को दिनदहाड़े सरपंच रूपसिंह कुशवाहा का मर्डर हुआ था घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कुशवाहा समाज एसपी कार्यालय पहुंचा था। उन्होंने मांग रखी कि घटना में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी हो, कथनों की वीडियोग्राफी कराई जाए।
घटनाक्रम को लेकर अलग से पैरवी करने के लिए विशेष लोक अभियोजक नियुक्त किया जाए। मृतक के परिजन और परिचितों को सुरक्षा दिलाई जाए। पीड़ित पक्ष के घर वालों की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। उन्हें एक करोड़ की आर्थिक सहायता दिलाई जाए। समाज ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।