शराब के नशे में चाचा ने भतीजे की कुल्हाड़ी से की निर्मम हत्या, आरोपी फरार
मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के बराछ चौकी अंतर्गत देवरी रनवाहा गांव में शराब के नशे में चूर एक चाचा ने अपने ही भतीजे का मर्डर कर दिया। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। घटना के मुताबिक, मृतक नीलेश वंशकार (22 वर्ष) और आरोपी मुकेश वंशकार रिश्ते में चाचा-भतीजे थे। गुरुवार रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि शराब के नशे में धुत मुकेश ने कुल्हाड़ी से नीलेश पर हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि नीलेश की मौके पर ही जान चली गई।
घटना के बाद मृतक के परिजन गहरे सदमे में हैं। परिजनों ने बताया कि नीलेश का स्वभाव शांत था और वह किसी से झगड़ा नहीं करता था। परिवार के सदस्य ने कहा, मुकेश अक्सर शराब के नशे में रहता था, लेकिन वह इतना खतरनाक कदम उठाएगा, यह किसी ने नहीं सोचा था। हमारा बेटा अब हमारे बीच नहीं रहा। घटना के बाद आरोपी मुकेश वंशकार मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर डेड बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मर्डर के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने टीमें गठित कर दी हैं। इस मर्डर ने देवरी रनवाहा गांव के लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि मुकेश पहले भी शराब के नशे में हिंसक हो जाता था, लेकिन ऐसी जघन्य घटना पहली बार हुई है। कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया, आरोपी मुकेश के खिलाफ मर्डर का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हत्या के पीछे के असल कारणों का खुलासा आरोपी की गिरफ्तारी के बाद होगा। यह घटना एक बार फिर समाज में शराब और नशे के दुष्प्रभाव को उजागर करती है। पन्ना जिले में यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।