गोविंद सिंह-भूपेंद्र सिंह के बाद भाजपा में नया भूचाल, इस्तीफा लेकर भोपाल पहुंचे BJP पार्षद
सागर जिले में बीजेपी विधायकों के बीच चल रही खींचतान खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह और मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के बीच विवाद अभी थमा नहीं कि सागर विधायक शैलेंद्र जैन पर बीजेपी के पार्षदों ने देवरी विधानसभा में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया है।
देवरी से बीजेपी विधायक बृज बिहारी पटैरिया के साथ प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे थे, जहां बीजेपी पार्षदों ने आरोप लगाया कि सागर के बीजेपी विधायक शैलेंद्र जैन देवरी नगर परिषद में हस्तक्षेप करते हैं। देवरी नगर परिषद की अध्यक्ष नेहा अलकेश जैन बीजेपी के खिलाफ काम कर रहीं हैं।
विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी बृज बिहारी पटेरिया के खिलाफ काम किया था। हम लोगों ने अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लगाया था लेकिन उसी समय सरकार ने तीन साल का नियम बना दिया तो फैसला नहीं हो पाया। नगर पालिका में जो अनियमितताएं हुई हैं उनकी शिकायतों पर कार्रवाई शैलेंद्र जैन के हस्तक्षेप के कारण नहीं हो पाती है।
देवरी विधायक बोले- देवरी नगर पालिका में 15 पार्षदों की परिषद है। उनमें से 12 पार्षद यहां भोपाल आए हैं। सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात हुई थी। आज हितानंद जी से मुलाकात नहीं हो पाई। उन्होंने कल का समय दिया है। उनसे मुलाकात कर उन्हें पूरी स्थिति बताएंगे। सारे पार्षदों की अपनी-अपनी पीड़ा है। बहुत सारी ऐसी बातें हैं जिन्हें प्रेस में नहीं बताया जा सकता, पार्टी फोरम पर बताएंगे।
इधर विधायक जैन का कहना है कि सांच को आंच क्या। जांच होनी चाहिए इसमें किसी को क्या हर्ज हो सकता है, जब देवरी नगर पालिका का अविश्वास प्रस्ताव कलेक्टर यहां लाया गया था तब मैंने कहा था यह गलत परंपरा शुरू हो जाएगी। लेकिन अब न जाने वहां के स्थानीय लोगों के आपसी विवाद में मुझे क्यों घसीट रहे हैं।