Sagar- वृंदावन बाग मंदिर की 12 दुकानों पर चला बुलडोजर प्रशासन और भारी पुलिस रही मौजूद
सागर शहर के सबसे पुराने मठ वृंदावन बाग मंदिर के गोपालगंज रोड तरफ से मुख्य द्वारा बनाए जाने का रास्ता धीरे धीरे साफ होता जा रहा है। मंदिर ट्रस्ट की दुकानों के विस्थापन का सिलसिला तो पहले ही आरंभ हो चुका था। शुक्रवार को प्रशासन और पुलिस के अमले ने पहुंचकर मंदिर की जगह पर कब्जाधारियों को हटवाकर तीन दुकानें जेसीबी से तोड़ दीं। शुक्रवार को सिटी मजिस्ट्रेट जूही गर्ग के नेतृत्व में प्रशासनिक अमला एवं भारी पुलिस बल यहां पहुंचा। प्रशासन ने मंदिर की दुकानें हटाने की कार्रवाई में बाधा बन रहे कब्जाधारियों को पहले समझाइश देकर जगह खाली करने को कहा।
एक ट्रेवल्स, एक किराना दुकानदार एवं एक अन्य कब्जाधारी द्वारा आनाकानी करने पर प्रशासन ने सख्ती से इनको खाली करवाकर जेसीबी से पुरानी दुकानें तोड़ दीं। किराना दुकानदार ने तर्क दिया कि वे पुराने किराएदार हैं उनको और समय दिया जाए लेकिन अधिकारियों ने कहा कि आपको 1 माह पहले नोटिस दिया गया था तब आपने दुकान खाली करने पर सहमति जताई थी। इस दुकान के एवज में ट्रस्ट की ओर से तिली चौराहे पर दुकान भी दे दी गई है लेकिन फिर भी दुकान खाली नहीं की जा रही है। इसके बाद दुकान का सामान खाली कराया जाने लगा। मंदिर के महंत नरहरिदास ने बताया कि मंदिर के बाहरी भाग में पुनर्निर्माण का कार्य जारी है। गोपालगंज सड़क की ओर से मंदिर का मुख्य द्वार बनाया जाएगा।
इसके लिए मंदिर ट्रस्ट, प्रशासन और दुकानदारों में सहमति बनी थी कि यहां के दुकानदारों को मंदिर की तिली चौराहे के पास स्थित जमीन पर दुकानें बनाकर विस्थापन किया जाएगा। इसी के आधार पर तिली चौराहे के पास 24 दुकानों का निर्माण कराया गया है। कुछ दुकानदारों ने इस पर अमल करते हुए स्वतः दुकानें खाली कर दी हैं। लेकिन कुछ कब्जाधारी हटना ही नहीं चाह रहे थे। जबकि उनको नई जगह पर दुकानें दे दी गई हैं। इस कारण प्रशासन को सख्ती करनी पड़ी। मुख्य सड़क से अब मंदिर साफ नजर आने लगा है। मंदिर की भव्यता को बढ़ाने की योजना पर काम चल रहा है ताकि अधिक से अधिक भक्त यहां आएं।