Sagar -अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम और पुलिस की कार्रवाई, 10 गाड़ियों से 3000 रुपये का चालान वसूला
Sagar -अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम और पुलिस की कार्रवाई, 10 गाड़ियों से 3000 रुपये का चालान वसूला
सागर नगर निगम की अतिक्रमण टीम और यातायात पुलिस ने रविवार को बक्शी खाना कुआं क्षेत्र में मोटरसाइकिलों पर कार्रवाई की। 25 से 30 मोटरसाइकिलों पर पुलिस ने चालानी कार्रवाई की, जिनमें से 10 गाड़ियों से 3000 रुपये से अधिक का चालान वसूला गया। इसके साथ ही, नगर निगम की टीम ने कटरा मस्जिद से लेकर मनोहर टॉकीज और राधा तिराहे तक सरकारी पोलिंग पर लगे बैनर और पोस्टरों को हटाया। आयुक्त बंगले के पास 5 जर्सी गायों को पकड़ा गया, जिन्हें कनेरा काजी हाउस भेजा गया और वहां से उन्हें गौशाला भेजने की व्यवस्था की गई। कटरा मस्जिद से लेकर मनोहर टॉकीज तक जो सब्जी और फल विक्रेता ठेले लगाते हैं,
उन्हें भी नगर निगम की टीम ने समझाइश दी और साहू लाल मार्केट में अपनी दुकान लगाने का निर्देश दिया। नगर निगम ने चेतावनी दी है कि यदि ये विक्रेता सोमवार तक यहां से नहीं हटते, तो पुलिस और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई कर उन्हें हटा दिया जाएगा। अतिक्रमण टीम ने सड़क पर रखे अन्य सामान को हटाया और मुख्य मार्गों पर ठेले और दुकानों को यातायात बाधित करने के लिए सख्त चेतावनी दी। नगर आयुक्त राजकुमार खत्री ने शहर के फल-सब्जी और ठेले वालों से अपील की कि वे यातायात व्यवस्था में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि कटरा मस्जिद और मुख्य सड़कों पर दुकान लगाकर यातायात में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ऐसे लोगों का सामान जब्त कर चालानी कार्रवाई की जाएगी, और इसके लिए वे स्वयं जिम्मेदार होंगे। नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम ने सफेद लाइन की व्यवस्था समाप्त कर दी है। अब मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण करने वालों को लगातार हटाया जाएगा। नगर निगम की इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना है। प्रशासन ने बताया कि अतिक्रमण हटाने का यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण सह प्रभारी कृष्ण कुमार चौरसिया, राजू रैकवार और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।