MP देवरानी-जेठानी के पता पूछने के बहाने ठगी,ग्वालियर में सक्रिय ठग गैंग ||STVN INDIA||
मध्यप्रदेश के ग्वालियर में पता पूछकर ठगी करने वाली गैंग फिर सक्रिय हो गई है। इस बार ठगों ने बाजार जा रही देवरानी-जेठानी को निशाना बनाया। सोमवार शाम तानसेन मकबरा वाली गली में दो युवकों ने झांसी जाने का रास्ता पूछने के बहाने महिलाओं को अपनी बातों में उलझाया और फिर गहनों के बदले नकली नोटों की गड्डी थमा दी। आइये बताते है क्या है पूरा मामला चार शहर का नाका निवासी गुड़िया तोमर अपनी देवरानी लक्ष्मी तोमर के साथ बाजार जा रही थीं।
रास्ते में दो युवक आए और झांसी का रास्ता पूछने लगे। इसके बाद उन्होंने भूखा होने का बहाना बनाया और महिलाओं को तानसेन मकबरा के पास वाली गली में ले गए। युवकों ने कहा कि उनके पास मकान मालिक की दुकान से लाए नोटों की गड्डी है और वे गहनों के बदले दोगुनी रकम देने को तैयार हैं। बातों में उलझकर गुड़िया ने मंगलसूत्र, ओम पेंडल और कान के टॉप्स, जबकि लक्ष्मी ने ओम पेंडल और कान के टॉप्स उतारकर दे दिए। युवकों ने गहनों के बदले नोटों की गड्डी थमाई और वहां से चले गए।
महिलाओं ने गड्डी खोलकर देखा तो ऊपर सिर्फ 500 रुपए का असली नोट था, बाकी सभी कागज के टुकड़े निकले। घटना के बाद शोर मचाने पर पुलिस को सूचना दी गई। ग्वालियर थाना प्रभारी मिर्जा आसिफ वेग ने बताया कि महिलाओं की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और ठगों का पता लगाने के लिए घटनास्थल के आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
यह ठगी का पहला मामला नहीं है। पिछले महीने भी कंपू, माधौगंज और कोतवाली इलाके में इसी तरह की तीन घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस अब ठगों की तलाश में जुटी हुई है।