Sagar- 1 साल में गोपाल भार्गव भूपेंद्र सिंह गोविंद सिंह सहित आपके विधायकों ने कितनी राशि खर्च की, जानिए
Sagar- 1 साल में गोपाल भार्गव भूपेंद्र सिंह गोविंद सिंह सहित आपके विधायकों ने कितनी राशि खर्च की, जानिए
नई सरकार के गठन के बाद से विधायकों के कार्यकाल का एक साल पूरा हो चुका है। इस दौरान विधायकों ने अपनी निधि खर्च करने में फोकस सड़क, सामुदायिक भवन निर्माण पर सबसे ज्यादा किया है। सागर जिले के सभी 8 विधायकों का जो एक समान काम है, वह चबूतरा निर्माण है। हालांकि इसको लेकर सबका नजरिया अलग है। चबूतरा निर्माण के लिए सागर विधायक शैलेंद्र जैन और देवरी विधायक बृजबिहारी पटैरिया ने 50 50 हजार रुपए दिए हैं तो मंत्री गोविंद सिंह राजपूत और पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव, विधायक प्रदीप लारिया ने इसी काम के लिए 4 से लेकर 5 लाख रुपए तक दिए हैं। इसी प्रकार टैंकर, सामुदायिक भवन निर्माण के लिए विधायकों ने जो राशि दी है वह भी सबकी अलग-अलग है।
पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव जिले में सबसे ज्यादा राशि खर्च करने वाले विधायक हैं। उन्होंने सबसे कम कामों के लिए सबसे ज्यादा राशि दी है। सबसे ज्यादा 50 लाख रुपए तीन सामुदायिक भवन निर्माण के लिए दिए हैं। इसके बाद 2 सीसी रोड के लिए 40 लाख, दो नाली निर्माण के लिए 30 लाख एवं दो सड़कों के डामरीकरण के लिए 30 लाख रुपए की राशि आवंटित की है।
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत भी अपनी विधायक निधि अब तक आधी भी खर्च नहीं कर सके हैं। सबसे ज्यादा 30 लाख रुपए 5 सामुदायिक भवनों के लिए दिए हैं। 6 चबूतरा निर्माण के लिए 20 लाख रुपए दिए हैं। 6 पेयजल टैंकरों के लिए 15.54 लाख रुपए दिए हैं तो 4 यात्री प्रतीक्षालयों के लिए 6.08 लाख रुपए दिए हैं।
पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह की निधि की आधी से अधिक राशि अब तक बची है। उन्होंने सबसे ज्यादा 30 लाख रुपए 8 सीसी रोड निर्माण के लिए दिए हैं। जबकि इसके बाद 5 सामुदायिक भवनों के निर्माण के लिए 25 लाख रुपए दिए हैं। 6 चबूतरा निर्माण के लिए 20.40 लाख रुपए का आवंटन अपनी निधि से किया है।
विधायक शैलेंद्र जैन परंपरागत रूप से अपनी निधि में से सबसे ज्यादा खर्च सामुदायिक भवनों के निर्माण के लिए ही कर रहे हैं। 14 सामुदायिक भवनों के लिए उन्होंने 78 लाख रुपए दिए हैं। 27 चबूतरा निर्माण के लिए 13 लाख रुपए आवंटित किए हैं तो एक जगह जिम उपकरण सामग्री के लिए 5 लाख रुपए दिए हैं। एक पार्किंग निर्माण के लिए 6.19 लाख रुपए की राशि खर्च की है।
पहली बार विधायक बने बीरेंद्र सिंह लंबरदार एक तिहाई राशि ही अपनी निधि से खर्च कर सके हैं। दो तरह के 17 कामों के लिए उन्होंने यह राशि दी है। 10 सीसी रोड़ निर्माण के लिए 60 लाख रुपए दिए हैं। जबकि 7 चबूतरा निर्माण के लिए 15.25 लाख रुपए उन्होंने दिए हैं।
विधायक प्रदीप लारिया ने सबसे ज्यादा 42.50 लाख रुपए 11 सीसी रोड निर्माण के लिए दिए हैं। 5 चबूतरा और शेड निर्माण के लिए 20 लाख रुपए दिए हैं। पानी के 8 टैंकरों के लिए 12 लाख रुपए तो 7 सामुदायिक भवनों के निर्माण के लिए 16 लाख रुपए अपनी निधि से दिए हैं। तोरण द्वार को 2.50 लाख दिए हैं।
विधायक निर्मला सप्रे औसतन एक काम के लिए एक लाख रुपए खर्च कर रही हैं। उन्होंने 10 यात्री प्रतीक्षालयों के लिए 27 लाख, 9 तोरण द्वार के लिए 24 लाख, एक सामुदायिक भवन के लिए 5 लाख, एक सीसी रोड के लिए 8 लाख, 6 चबूतरा निर्माण के लिए 8 लाख एवं स्टील बैंच व सीमेंट चेयर के 64 कामों के लिए 21 लाख रुपए खर्च किए हैं।
जिले में सबसे कम राशि खर्च करने में देवरी विधायक बृजबिहारी पटैरिया का नाम है 19 पेयजल टैंकरों के लिए 32 लाख रुपए दिए हैं तो 6 चबूतरा निर्माण के लिए 3 लाख रुपए की राशि आवंटित की है