Sagar - शादी समारोह से लौट रहा था बाइक सवार और हो गई बड़ी अनहोनी, दो लड़कियां पहुंच गई अस्पताल
सागर जिले के खुरई बायपास रोड स्थित सतनाई चौराहे पर पिकअप और बाइक की टक्कर में बाइक चालक की मौत हो गई तो वहीं बाइक सवार दो लड़कियां घायल हो गई, जिन्हें सागर रेफर कर दिया गया। बाइक सवार शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहा था। जानकारी के अनुसार खुरई शहरी थाना क्षेत्र के बायपास रोड स्थित सतनाई चौराहे पर पिकअप और बाइक की जोड़दार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चालक जयकांत पिता प्रेमनारायण चढ़ार(20) निवासी ग्राम बहरोल थाना नरयावली सागर की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
बाइक सवार के साथ बैठी उसकी मौसेरी बहन मोनिका पिता भगवानदास चढ़ार (21), तानिया पिता मोनू आठिया(5) दोनों निवासी रजाखेड़ी सागर गंभीर रूप से घायल हो गई। जिन्हें खुरई सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल सागर रेफर कर दिया गया है। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पिकअप वाहन जब्त कर लिया है। पंचनामा कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
पीएम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पिकअप वाहन बैंक कर्मचारी के ट्रांसफर होने पर उसके घर का सामान लेकर मंदसौर जा रहा था। मृतक के चाचा रामकुमार चढ़ार ने बताया कि उसका भतीजा जयकांत चढ़ार अपने ममेरे भाई की शादी समारोह कार्यक्रम में आलखेड़ी में शामिल होकर घर वापिस जा रहा था। आज ही उसे मामा के लड़के की बारात में भी जाना था।