Sagar-मंत्री निवास पर लंच...प्रभारी मंत्री की मौजूदगी में जुटे कई नेता,जानिए क्या हैं इसके मायने
प्रदेश सरकार के केबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के निवास मातेश्वरी में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल पहुंचे। उन्होंने यहां लंच किया, जिसे लंच पॉलीटिक्स से जोड़कर देखा जा रहा है। इसकी बड़ी वजह जिले के विभिन्न विधायकों के साथ ही पूर्व विधायकों, जिलाध्यक्ष, निगमाध्यक्ष और पार्टी के विभिन्न पदाधिकारियों की मौजूदगी रही। दरअसल, यहां यहां पूर्व और वर्तमान के इतने जनप्रतिनिधि हो गए, जो जिले की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करते हैं या कर चुके हैं।
राजपूत के निवास पर अचानक से यूं सबका लंच के समय ही एकत्र होना ही इशारा कर रहा है कि जिला भाजपा की राजनीति में कुछ नए समीकरण सामने आ सकते हैं। भाजपा संगठन के चुनावों के बीच नेताओं का यूं लंच पर जुटना भी लंच पॉलीटिक्स को हवा दे रहा है।
यहां पर सांसद डॉ. लता वानखेड़े, विधायक शैलेंद्र जैन प्रदीप लारिया वीरेंद्र सिंह लंबरदार, भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव सिरोठिया, पूर्व विधायक सुधा जैन, धरमू राय, रतन सिंह सिलारपुर, भानु राणा और पारुल साहू, पूर्व मंत्री नारायणप्रसाद कबीरपंथी, मप्र. खनिज विकास निगम के पूर्व उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह मोकलपुर, निगमाध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, पूर्व महापौर अनीता अहिरवार, निगमाध्यक्ष डॉ. प्रदीप पाठक आदि की यूं मौजूदगी पर अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं
हालांकि मंत्री कार्यालय से जारी प्रेस नोट के मुताबिक भोज के दौरान उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल से डॉ. हरीसिंह गौर को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने को लेकर बिंदुवार चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने कहा विवि की स्थापना के लिए गौर साहब ने अपनी जीवन की सारी पूंजी दान कर दी थी।
गौर साहब से सभी की भावनाएं जुड़ी हैं, उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया जाए। उपमुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा आप सभी की इस बात के लिए आगे तक पहुंचाएंगे। हम सभी गौर साहब के लिए भारत रत्न दिलाने प्रयास करेंगे। जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने प्रभारी मंत्री का आभार जताया।