आउटसोर्स कर्मियों के खिलाफ बयानबाजी के विरोध में कांग्रेस ने डिप्टी सीएम का पुतला फूंका
आउटसोर्स कर्मियों के खिलाफ बयानबाजी के विरोध में कांग्रेस ने डिप्टी सीएम का पुतला फूंका
एमपी के जबलपुर के मालवीय चौक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। यह विरोध प्रदर्शन उपमुख्यमंत्री द्वारा आउटसोर्स कर्मियों को लेकर दिए गए विवादित बयान के खिलाफ किया गया था। इस दौरान पुतला छीनने को लेकर पुलिस एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का मुक्की भी हुई। एक पुतला छीने जाने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दूसरा पुतला लाकर फूँक दिया,
जिसे बुझाने के लिए पुलिस कर्मी मशक्कत करते नजर आए। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने कहा कि आउटसोर्स कर्मियों के भरोसे पर ही सरकार का कामकाज चल रहा है, लिहाजा उनके लिए इस तरह की बयानबाजी किया जाना डिप्टी सीएम को शोभा नहीं देता। उन्होंने कहा कि डिप्टी सीएम को आउटसोर्स कर्मचारियों से माफी मांगनी चाहिए, अन्यथा कांग्रेस उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।