सागर - नगर पालिका के अधिकारी ने कॉलोनाइजर को लाभ पहुंचाने के लिए बदला क्लीनिक का स्थान फिर
बीना। बीना के नानक वार्ड पार्षद बीडी रजक ने आरोप लगाया है कि नगर पालिका के अधिकारी कॉलोनाइजर को लाभ पहुंचाने गलत स्थान पर पानी की टंकी और संजीवनी वलीनिक का निर्माग करा रहे हैं। साथ ही उन्होंने ठेकेदार पर पानी की टंकी का घटिया निर्माण करने का आरोप भी लगाया है।
पार्षद बीडी रजक का आरोप है कि नई बस्ती पुलिस चौकी के पास कुरवाई रोड पर शासकीय भूमि है। पहले इसी स्थान पर क्लीनिक का निर्माण किया जा रहा था, लेकिन अधिकारी कॉलोनाइजर को लाभ पहंचाने उज्जल विहार कॉलोनी में कलीनिक का निर्माण करा रहे हैं। इसके अलावा उनका आरोप है कि इसी स्थान पर पानी का टंकी का निर्माण कराया जा रहा है। टंकी के निर्माण में पुराने सरिया का उपयोग किया जा रहा है और गुणवत्ता का भी ध्यान नहीं रखा जा रहा है। उनका आरोप है कि पानी की टंकी का बेस भी कमजोर बनाया है। उनका आरोप है कि पानी की टंकी के चारों तरफ मिट्टी से फिलिंग की गई है, इससे टंकी की मजबूती पर असर पड़ेगा। उन्होंने पिछले दिनों एसडीएम के नाम तहसीलदार को ज्ञापन भी सौंपा था लेकिन अभी तक इस मामले में कोई कार्रवाई भी नहीं हुई है।
जान खतरे में डालकर मजदूर कर रहे हैं काम
कॉलोनी में बन रही पानी की टंकी का काम करने वाले मजदूर कई फीट की ऊंचाई पर काम कर रहे हैं, लेकिन यहां पर ठेकेदार की लापरवाही भी सामने देखने को मिली है। यहां मजदूरों की जान जोखिम में डालकर उनसे काम करवाया जा रहा है। यहां किसी भी मजदूरों को हेलमेट, दस्ताने या जूते नहीं मिले हैं। यहां निरीक्षण करने के लिए लगातार नगर पालिका के अधिकारी भी आए दिन निरीक्षण करते हैं और उनके सामने ही कर्मचारी बिना सुरक्षा उपकरण के काम करते हैं, लेकिन फिर भी ठेकेदार को निर्देशित नहीं किया जाता है। हादसा होने के बाद ही अधिकारियों का ध्यान इस ओर जाएगा। लापरवाही के चलते पूर्व में हादसे भी चुके हैं, लेकिन उनसे सबक नहीं लिया गया है।
जनता के हित के लिए लेना पड़ती है जगह
बीना सीएमओ रामप्रकाश जगनेरिया ने बताया कि बीना नगर पालिका क्षेत्र में कोई भी सरकारी जगह नहीं है। जनता के हित के लिए काम करना भी जरूरी है, ऐसे में मजबूरी में किसी की जगह लेना पड़ती है।