सागर-बीना में किला बंदी टिकट चेकिंग अभियान से हड़कंप मचा
सागर जिले के बीना में रेल महाप्रबंधक शोभना बंदोपाध्याय के मार्गदर्शन में रेल प्रबंधक देवाशीष त्रिपाठी के निर्देशन में बीना रेलवे स्टेशन पर किला बंदी टिकट चैकिंग अभियान चलाया गया। जिसमें 148 मामलों से कुल 65 हजार 985 रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ। जानकारी के अनुसार 19 टिकट चेकिंग स्टाफ द्वारा चलाए गए टिकट चेकिंग अभियान के दौरान स्टेशन के बाहर निकलने वाले रास्ते की घेराबंदी की गई, ताकि कोई भी यात्री बिना जांच के स्टेशन के बाहर न जा सकें। इस टिकट चेकिंग अभियान के दौरान 29 ट्रेनों के यात्रियों की टिकट जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले 67 यात्रियों से 30 हजार 940 रुपए, अनुचित टिकट लेकर यात्रा करने वाले 77 यात्रियों से 34 हजार 445 रुपए,
स्टेशन पर गंदगी फैलाने वाले 4 यात्रियों से 600 रुपए जुर्माना वसूला गया है। इस तरह से कुल 148 मामलों में यात्रियों से कुल 65 हजार 985 रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ है। वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक सौरभ कटारिया नें यात्रियों से अपील की है कि उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें,प्रतिक्षा सूची ई-टिकट पर यात्रा करने की अनुमति नहीं है। इसी प्रकार प्लेटफॉर्म टिकट भी यात्रा के लिए अनुमत नहीं है। अतः प्रतीक्षा सूची ई-टिकट अथवा प्लेटफॉर्म टिकट लेकर यात्रा न करें। स्टेशन प्लेटफॉर्म पर प्रवेश के लिए यात्रा टिकट या प्लेटफॉर्म टिकट होना आवश्यक है। यात्रा से पूर्व अपने सामान को बुक कराएं, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।