Sagar - हिलगन गांव के पास खेत में दिखा तेंदुआ, किसानों में भय
सागर की डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय के जंगलों के बाद तेंदुओं का मूवमेंट ढाना हवाई पट्टी के पीछे की ओर लगे हिलगन गांव में नजर आया है। किसानों ने गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर हिलगन से घाटमपुर जाने वाले मार्ग पर स्थित खेत में एक तेंदुआ के साथ 2 शावकों को देखा है। खेतों में तेंदुओं की मौजूदगी के बाद किसानों में दहशत का माहौल है, क्योंकि इस समय किसान रबी सीजन की तैयारी में जुटे हैं और दिन-रात खेतों में सिंचाई सहित अन्य काम चल रहे हैं।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की दोपहर में हिलगन निवासी किसान अपने खेत की जुताई कर रहा था। इसी दौरान उसे खेत के दूसरे छोर पर तेंदुआ नजर आया तो उसने ट्रैक्टर खड़ा कर दिया। तेंदुओं को खेत में भागते हुए देख किसान ने वीडियो बनाने के लिए जब तक मोबाइल निकाला तब तक उसके बच्चे झाडिय़ों के पीछे चले गए, लेकिन वीडियो में एक तेंदुआ भागते हुए नजर आ रहा है। ग्रामीणों की माने तो एक बड़े तेंदुआ के साथ उसके 2 बच्चे भी थे। हिलगन के पास नजर आए तेंदुओं को लेकर यह भी कहा जा रहा है कि हो सकता है यह वही तेंदुआ हों सकता है जो कुछ दिन पहले तक विश्वविद्यालय के जंगल में थे। हालांकि इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं है।
विश्वविद्यालय में 14 से 25 अक्टूबर के बीच तेंदुओं का मूवमेंट 10 से ज्यादा बार नजर आया है। सबसे पहले आर्यभट्ट हॉस्टल और इसके बाद आखरी बार 25 अक्टूबर को नेनो लैब के पास पथरिया में सुरक्षाकर्मियों ने एक साथ 2 तेंदुओं को देखा था, लेकिन पिछले 9 दिन से विश्वविद्यालय में कहीं पर भी तेंदुओं का मूवमेंट नजर नहीं आया है।