सागर की लाखा बंजारा झील पर दीपावली की ज्योति:2151 दीपकों से सजा घाट और पानी" | sagar tv news |
सागर में स्मार्ट सिटी और नगर निगम ने ऐतिहासिक लाखा बंजारा झील को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए जन जागरूकता अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत चकराघाट स्थित विट्ठल मंदिर घाट पर मां गंगा की आरती का आयोजन किया गया, जिसमें विधायक शैलेंद्र जैन, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, निगम आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी सह कार्यकारी निदेशक राजकुमार खत्री और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
दीपावली के अवसर पर दो हजार एक सौ इक्यावन दीपकों से लाखा बंजारा झील का घाट और पानी जगमग हो गया। इस अवसर पर चकराघाट पर दीपमाला प्रज्जवलित कर स्वच्छ सागर शुभ दिवाली का संदेश दिया गया।विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि नागरिकों की सहभागिता से ही सागर शहर के साथ ऐतिहासिक झील और अन्य जलस्रोतों को स्वच्छ और सुरक्षित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के माध्यम से भी साफ-सफाई और स्वच्छ पर्यावरण हेतु नागरिकों को जागरूक किया जा रहा है ताकि झील को जलकुंभी से मुक्त किया जा सके।
नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने कहा कि सागर शहर और तालाब को स्वच्छ रखने में सभी नागरिकों की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नागरिक दीपावली पर्व पर अपने घरों से निकलने वाले कचड़े को एकत्रित कर कचड़ा गाड़ी को दें और सड़क पर न डालें।निगम आयुक्त ने अपील करते हुए कहा कि नागरिकगण शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए सहयोग प्रदान करें और दूसरे व्यक्तियों को अपने घर के आसपास साफ-सफाई रखने और अपने वार्ड को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित करें।