सागर-खुरई में गुस्साए किसानों ने मंडी गेट किया बंद,बोले आश्वासन के बाद नहीं मिला खाद sagar tv news
सागर जिलेभर में खाद का संकट बना है। खाद का भंडारण कम और मांग ज्यादा होने से डीएपी खाद के लिए किसान लगातार वितरण केंद्र के चक्कर लगा रहे हैं। करीब एक सप्ताह पहले दिए गए आश्वासन के बाद भी खाद नहीं मिलने से नाराज किसानों ने खुरई कृषि उपज मंडी का मेन गेट बंद कर दिया। मंडी में अनाज बेचने आए किसानों की ट्रैक्टर ट्रॉली को रोक दिया गया। किसानों ने गेट के पास खड़े होकर नारेबाजी भी की। शहरी थाना प्रभारी शशि विश्वकर्मा ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर मंडी का गेट खुलवाया।
गुरुवार की दोपहर में कृषि उपज मंडी में बने खाद वितरण केंद्र में बड़ी संख्या में किसान खाद लेने के लिए पहुंचे थे लेकिन डीएपी खाद नहीं मिलने से किसान आक्रोशित हो गए और उन्होंने मंडी का मेन गेट बंद कर दिया। इस दौरान मंडी में अनाज बेचने आने वाले किसानों को परेशानी हुई। बांगची गांव के किसान भूपेंद्र पटेल, धांगर गांव के किसान रोहित सिंह ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले डीएपी खाद नहीं मिलने से नाराज किसानों ने मंडी का मेन गेट बंद कर दिया था उस समय तहसीलदार ने आश्वासन देकर मंडी का मेन गेट खुलवा दिया था कि जल्द ही किसानों को डीएपी खाद मिलेगा। एक सप्ताह पहले टोकन वितरण भी किए गए थे लेकिन अभी तक डीएपी खाद नहीं मिल रहा है।
जब वितरण केंद्र पर खाद लेने के लिए आते हैं तो 20:20:0:13 एनपीकेएस खाद दिया जा रहा है। खाद न मिलने से किसानों ने गेट बंद कर दिया था लेकिन थाना प्रभारी ने कुछ ही देर में गेट खुलवा दिया था। खुरई कृषि विभाग के एसएडीओ एसपी भारद्वाज ने बताया कि डीएपी खाद अभी उपलब्ध नहीं है। दो से तीन दिन में रैक लगने की संभावना जताई जा रही है। एनपीकेएस खाद उपलब्ध है वह किसान ले सकते हैं।