कलेक्टर एसपी ने मिट्टी के दिये,दीपावली के दौरान हाट-बाजार टैक्स में दी छूट | sagar tv news |
एमपी के मंडला में कलेक्टर सोमेश मिश्रा और एसपी रजत सकलेचा ने गुरुवार शाम कुम्हार का चाक संभाला। वे अचानक महाराजपुर संगम घाट के नजदीक स्थित कुम्हार बस्ती पहुंच गए। उन्होंने चाक पर मिट्टी के दिए और बर्तन बनाये। अपने बीच एसपी और कलेक्टर को देख कुम्हार हतप्रभ हो गए। उन्होंने कलेक्टर, एसपी को चाक पर मिट्टी के दिए और बर्तन बनाना सिखाया।
दरअसल दीपावली का पर्व नजदीक है, जिसमें मिट्टी के दिये और प्रतिमाओं का बड़ा महत्व होता है। इन्हें बनाने वाले कुम्भकार समाज के हालचाल और उनकी समस्याओं को जानने के लिए ही कलेक्टर, एसपी उनके बीच पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ कलेक्टर, एसपी आत्मीयता से घुल मिल गए और चाक पर बैठकर मिट्टी के बर्तनों को बनाने के गुर सीखने लगे। इस दौरान कलेक्टर ने कुंभकारों को उनके परंपरागत व्यवसाय को आगे बढ़ाने हर संभव मदद का भरोसा दिया।
साथ ही दीपावली के दौरान बाजार में कुम्हारों को बाजार कर पर छूट भी दी। वहीं कलेक्टर और एसपी को अपने बीच पाकर कुंभकार खुश हुए और उन्होंने भरोसा जताया कि प्रशासन के सुध लेने के बाद इन्हें व्यवसाय में आने वाली परेशानियों से निजात मिलेगी।