Sagar-125 करोड़ में कैसे बनेंगे 50 पेट्रोल पंप, उद्योगपतियों ने मुख्यमंत्री को बताया गजब का फार्मूला
Sagar-125 करोड़ में कैसे बनेंगे 50 पेट्रोल पंप, उद्योगपतियों ने मुख्यमंत्री को बताया गजब का फार्मूला
सागर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उद्योगपतियों से निवेश को लेकर वन-टू-वन चर्चा भी की। इस दौरान गंभीर चर्चा हुई तो हास-परिहास भी चला। एक उद्योगपति से मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं आपका प्रस्ताव देखकर दंग रह गया। मैं पढ़ते-पढ़ते मुस्करा भी रहा था कि 125 करोड़ की लागत से आप 50 पेट्रोल पंप लगाएंगे और 1000 लोगों को नौकरी देंगे। यह मेरी समझ से परे है। जरा समझाइए। इस पर सब खूब हंसे।
उद्योगपति ने बताया कि दरअसल, यह पंप जमीन के अंदर नहीं होंगे। टंकी के रूप में पोर्टेबल पंप होंगे। इतनी ही लागत में यह हो जाएंगे और इतने ही लोगों को रोजगार मिलेगा। इस पर मुख्यमंत्री ने उनके प्रस्ताव की सराहना करते हुए कहा कि यह बहुत ही बढ़िया काम है। मैं तो इस प्रस्ताव को पढ़कर बहुत दंग था। इसके बाद फिर ठहाके लगे। वन-टू-वन में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत एवं चेतन कश्यप एवं विभागीय प्रमुख सचिव एवं वरिष्ठ अधिकारी ही मौजूद थे।