मजदूरों से भरा था ऑटो और फिर 2 दंपती,3 साल का बच्चा सहित 7 की काल के गाल में समाये sagar tv news
एमपी के जबलपुर से 70 किलोमीटर दूर चरगंवा में मजदूरों से भरे ऑटो पर हाईवा पलट गया। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई। इनमें दो पति-पत्नी और एक दंपती का 3 साल का बच्चा भी है। 5 से ज्यादा घायल बताए जा रहे हैं। घटना बुधवार शाम 4.30 बजे की है। घायलों को सिहोरा के अस्पताल लाया गया। यहां से गंभीर हालत में 3 को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। घटना से नाराज लोगों ने सिहोरा - कटनी स्टेट हाईवे पर चरगंवा रोड पर डेढ़ घंटे तक जाम लगाए रखा। मंझगवां थाना प्रभारी समेत सिहोरा, खितौला पुलिस थाने से पहुंचे फोर्स ने लोगों को शांत कराया। सिहोरा एसडीओपी पारुल शर्मा भी मौके पर पहुंचीं।
हाईवा के ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है। ऑटो में 13 लोग सवार थे। सभी प्रतापपुर गांव के रहने वाले हैं। पास के ही खमरिया गांव से सोयाबीन की कटाई कर अपने गांव लौट रहे थे, तभी बगल से निकल रहा माइनिंग के काम में लगा हाईवा ऑटो पर पलट गया। सिहोरा से विधायक संतोष बरकड़े का कहना है कि घटना की जांच करवाई जा रही है। मृतक और घायल मजदूर परिवार से हैं। सरकार सभी की मदद के लिए तत्पर है। सीएम डॉ. मोहन यादव ने मृतक के परिजन को 2-2 लाख रुपए, सड़क दुर्घटना निधि से 15 हजार रुपए देने की बात कही है।
संबल योजना के हितग्राही होने की स्थिति में मृतक के परिजन को 4 लाख रुपए की आर्थिक मदद अलग से दी जाएगी। सिहोरा विधायक संतोष सिंह बडकरे ने भी मृतक के परिजनों को 5 हजार रुपए की मदद की है। घायलों का निशुल्क इलाज और सड़क दुर्घटना निधि से 7 हजार 500 रुपए की मदद दी जाएगी। घटना से नाराज स्थानीय लोगों का कहना है कि रोड से भारी वाहन स्पीड में गुजरते हैं।
इस वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने मांग करते हुए कहा कि गांव के आसपास ब्रेकर बनाए जाएं। शराब पीकर हाईवा चलाने वाले ड्राइवरों पर भी सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस - प्रशासन के अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन देकर जाम खुलवाया।