सागर-मकान ढहने से दो बहन और भाई मलबे में द-बे और फिर दोनों बहनें सागर रेफर | sagar tv news |
सागर जिले के बीना के मालखेड़ी गांव में गुरुवार शाम को घर की दीवार गिर गई। साथ ही छत में लगी फर्सी भी नीचे आ गई। जिसमें दो बहन और एक भाई के दबने से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव के लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राथमिक इलाज के बाद दोनों बहनों को सागर रेफर कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, सलोनी पिता मलखान लोधी (19) अपने घर में खाना बना रही थी,
उसके पास में ही उसका भाई राहुल लोधी (23) भी खड़ा था और चाचा राजाराम लोधी की बेटी मंजू लोधी (17) छत पर खड़ी थी, तभी मकान की एक तरफ की दीवार भर-भराकर गिर गई, जिससे छत में लगी फर्सी भी नीचे आ गई और तीनों उसमें दब गए। इस दौरान उनके परिजन और गांव के लोग भी बाहर खड़े थे, जिन्होंने बिना देर किए तत्काल अंदर जाकर देखा तो राहुल दिखाई दिया।
लेकिन मंजू और सलोनी मलबे में कहीं दिखाई नहीं दिए। दोनों मलबे के नीचे दब गई थीं और लोग उनके ऊपर चलकर ही उनकी तलाश करते रहे। इसके बाद दोनों के बाल दिखने पर मलबे में दबे होने का पता चला, जिसके बाद उन्हें बाहर निकाला गया और तत्काल बीना सिविल अस्पताल लेकर आए, जहां पर डॉक्टर ने तीनों का प्राथमिक उपचार किया और सलोनी-मंजू की हालत गंभीर होने पर सागर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही विधायक निर्मला सप्रे, एसडीएम देवेंद्र प्रताप सिंह, तहसीलदार सुनील शर्मा, थाना प्रभारी अनूप यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बीना एसडीएम देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी लगते ही टीम मौके पर पहुंची थी। पूरे मामले की जांच कराकर रिपोर्ट तैयार कराई जाएगी।
इसके बाद प्रस्ताव बनाकर भेजा जाएगा। प्रस्ताव के आधार पर नियमानुसार आरबीसी के तहत पीड़ित परिवार को मुआवजा मिलेगा। वहीं, क्षतिग्रस्त मकान से सटकर रह रहे तीन अन्य परिवार को दूसरी जगह पर सुरक्षा की दृष्टि से शिफ्ट कराया गया है।