सागर-बारिश के कारण वोटर्स की संख्या कम,सरपंच की मृत्यु के बाद हो रहे उप चुनाव | sagar tv news |
सागर जिले के बीना जनपद पंचायत के हिन्नोद और चमारी ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए उप चुनाव की वोटिंग सुबह से ही शुरू हो चुकी है। बारिश के कारण मतदान करने कम संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। जानकारी के अनुसार हिन्नोद और चमारी ग्राम पंचायतों के सरपंच की मृत्यु हो जाने के बाद इन दोनों पंचायतों में सरपंच पद रिक्त हो गए थे। इसके बाद यहां बुधवार को सरपंच पद के उप चुनाव हो रहे हैं।
जहां हिन्नोद ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए अनिल अहिरवार, हरी सिंह कोरी, मानक और संतोष चढ़ार चुनावी मैदान में हैं। वहीं चमारी ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए बबीता जगपाल सिंह यादव, प्रीति यादव चुनावी मैदान में हैं। दोनों ही पंचायतों में सुबह से ही मतदान शुरू हो चुका है, लेकिन बारिश के कारण मतदाताओं की संख्या मतदान केन्द्रों में कम पहुंच रही है।
मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हो चुका है, जो दोपहर 3 बजे तक होगा। चमारी ग्राम पंचायत में हो रहे चुनाव का मोर्चा स्वयं तहसीलदार सुनील शर्मा संभाले हुए हैं। वहीं हिन्नोद ग्राम पंचायत में नायब तहसीलदार हेमराज मेहर व्यवस्था संभाले हुए हैं।
साथ ही भानगढ़ थाना प्रभारी सत्येंद्र भदौरिया भी अपनी टीम के साथ सुरक्षा व्यवस्था में लगे है। बीना तहसीलदार सुनील शर्मा ने बताया कि ग्राम पंचायत चमारी और हिन्नौद के सरपंचों की मृत्यु हो जाने के कारण दोनों ही पंचायतों में पद रिक्त हो गए थे। इसलिए यहां उपचुनाव हो रहे हैं। मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है।