In the minor case, the police wrote FIR after 15 days, returned the father from the post after taking the application. sagar tv news |
टीकमगढ़ में एक पीड़ित नाबालिग को एफआईआर दर्ज कराने एसपी ऑफिस तक जाना पड़ा। वो पहले पिता के साथ चौकी गई, जहां पुलिस ने आवेदन लेकर लौटा दिया। इसके बाद कोई कार्रवाई नहीं हुई तो वो एसपी ऑफिस पहुंचे। एसपी के दखल के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर दो आरोपियों को अरेस्ट भी कर लिया।
मामला जिले के खरगापुर थाना क्षेत्र का है। खरगापुर थाना प्रभारी मनोज दुबे ने बताया कि देरी चौकी क्षेत्र के एक गांव में 13 साल की लड़की के साथ 14 अगस्त को गांव के सलीम खान और लालू खान ने ऐसा काम किया था। लड़की ने अपनी मां को घटना के बारे में बताया। लड़की का पिता दिल्ली में मजदूरी करने गया था। लड़की की मां ने फोन पर से घटना के बारे में बताया।
पीड़ित का पिता 16 अगस्त को दिल्ली से घर लौटा, तो उसकी तबीयत खराब हो गई। इसके बाद लड़की अपने पिता के साथ देरी चौकी पहुंची। यहां पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने जांच की बात कहकर आवेदन लेकर दोनों को लौटा दिया। इसके बाद 29 अगस्त को पीड़ित परिवार ने एसपी दफ्तर में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने गुरुवार रात को ही पोक्सो एक्ट, गैंग रेप, एससी एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोपी सलीम खान पर गांव में तंत्र-मंत्र करने का आरोप लगाया है।
उन्होंने शिकायत पत्र में बताया कि आरोपी सलीम खान ने बच्ची को बुलाकर तंत्र-मंत्र के नाम पर बेहोश किया और फिर उसके साथ गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया। इस मामले में एसपी रोहित काशवानी का कहना है कि पीड़ित परिवार और आरोपी के खेत आसपास है। बच्ची ने बताया कि आरोपियों ने खेत पर अकेला पाकर वारदात को अंजाम दिया।
अगर इस मामले में देरी चौकी पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने में लेटलतीफ की है, तो जांच के बाद दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नाबालिग के मामले में कांग्रेस की प्रदेश महासचिव किरण अहिरवार का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर जिले में दो नाबालिग बच्चियों के साथ ऐसी घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण हैं।
ताजा मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने में लेटलतीफी की। एससी-एसटी और ओबीसी वर्ग की बच्चियों के साथ आए दिन इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। आखिर उन्हें न्याय मिलेगा या नहीं। किरण अहिरवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होने पर उग्र प्रदर्शन की चेतावनी दी है।