MLA and Municipal Commissioner took a review meeting of the progressing project works of Sagar-Smart City.
सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड अंतर्गत प्रगतिरत परियोजना कार्यों की विधायक शैलेन्द्र जैन ने निगमायुक्त सह कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड राजकुमार खत्री के साथ समीक्षा की। शुक्रवार को दोपहर 1:30 पर स्मार्ट सिटी कार्यालय में आयोजित इस समीक्षा बैठक में विधायक शैलेन्द्र जैन ने लाखा बंजारा झील जीर्णोद्धार पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण अंतर्गत विभिन्न कार्यों की विस्तार से जानकारी ली और शेष बचे छोटे-मोटे सभी कार्यों को सितंबर माह के तीसरे सप्ताह तक पूरे कराने के निर्देश दिये।
उन्होंने कहा की झील हमारे शहर की ऐतिहासिक धरोहर और जनभावनाओं का मुख्य केंद्र है। इसमें एकत्र बारिश का पानी हमेशा साफ-स्वच्छ रहे इसके समुचित प्रबंध करें। उन्होंने पुराने समय में झील में सीधे जुड़े 41 से अधिक नालों को नाला टैपिंग कर झील से अलग किये जाने की चर्चा करते हुये कहा की ग्रेविटी बार और वृंदावन मंदिर के पास बनाये गये इनलेट चेम्बरों के स्लूस गेट अतिवृष्टि के दौरान तत्काल खोले जा सकें ऐसा प्रबंध करें ताकि शहर में जलभराव की स्थिति न बने।
सामान्य दिनों में नालों से बहकर आने वाला ग्रे-वॉटर झील किनारे बिछाई गई पाईप लाईन से ग्रेवीटी माध्यम से सीधे मोंगा बधान पहुँचता है। सामान्य बारिश के दौरान भी ग्रे-वॉटर और स्टॉर्म वॉटर पाईप लाईन से होते हुये मोंगा बधान की ओर से बाहर निकलता है। अचानक अधिक बारिश के दौरान निश्चित मात्रा से अधिक स्तर पर आने वाला वर्षाजल इनलेट चेम्बर से ओवर फ्लो होता है।
इस स्टॉर्म वॉटर के साथ झील में प्लास्टिक कचरा आदि बहकर न पहुँचे इसके लिए जालियां भी लगाएं। झील के पानी का ऑक्सीजन लेबल बेहतर रहे इसके लिए फाउंटेन अधिक समय तक चलते रहें। म्यूजिकल फाउंटेन को भी जल्द से जल्द ट्रायल करके दिखायें ताकि नागरिकों के मानोरंजन और झील के आकर्षण का एक नया अध्याय प्रारम्भ किया जा सके। शहर ही नहीं बल्कि दूरदूर से लोग इस आकर्षक झील के किनारे बने ओपन एयर थिटर पर बैठकर म्यूजिकल फाउंटेन का शो देखने के लिए सागर आयें।
यहाँ फूडकोर्ट, योगाडेक और अन्य सुविधाओं का लाभ लें। झील किनारे गंगा मंदिर के पास बनाये गये स्पोर्ट्स एरीना में क्रिकेट पिच, बेडमिंटन, वॉलीबॉल आदि खेल सुविधाओं की जानकारी लेते हुये उन्होंने यहाँ एक ऑटोमेटिक बॉलिंग मशीन भी इंस्टॉल कराने हेतु कहा। उन्होंने कहा की झील किनारे बनाये गये टॉयलेटस की संख्या बढ़ाये ताकि यहाँ घूमने आने वालों को सुविधा आसानी से मिल सके और स्वच्छता सुनिश्चित हो। इसके साथ ही उन्होंने संजय ड्राइव ब्रिज के पास पानी जमा न हो इसके भी समुचित प्रबंध करने और राजघाट तिराहा को व्यवस्थित करने हेतु कहा। उन्होंने छोटी झील में भी सुंदर विकासकार्य करने हेतु निर्देश दिये।
वहीं नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने बैठक के दौरान कहा की बड़ी झील के चारों ओर लगभग 4.5 किलोमीटर पाथवे तैयार किया गया है पाथवे के साथ-साथ झील किनारे अलग-अलग सुविधाओं का जोन बनाकर विकास किया गया है किले की ओर चकराघाट से लेकर गणेश घाट तक धार्मिक मंदिरों की विशाल श्रंखला है इसे एक विशाल घाट, रॉयल छतरियों और आकर्षक लाइटिंग से सजाते हुये एक आकर्षक स्वरूप प्रदान करने का प्रयास किया गया है।
मोंगा बधान के छोर से संजय ड्राइव तक चिल्ड्रन प्ले एरिया, ओपन जिम एरिया, म्यूजिकल फाउंटेन शो, फूडकोर्ट, बोटिंग क्लब, योगाडेक आदि मनोरंजन सुविधाओं का विकास किया गया है। वृंदावन मंदिर के सामने घाट सहित अन्य घाटों का रेड स्टोन से निर्माण किया गया है। झील के चारों ओर प्लांटेशन का कार्य ड्रिप इरिगेशन सिस्टम सहित किया गया है ड्रिप इरिगेशन सिस्टम को झील किनारे बनाये गये वेस्ट वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से जोड़ा जायेगा ओर नालों से आने वाले ग्रेवॉटर को ट्रीटमेंट कर पुनः उपयोगी बनाकर पौधों की सिचाई में उपयोग किया जायेगा।