Sagar - Went to village with family on Rakshabandhan and thieves made away with gold and silver jewellery, cash
Sagar-रक्षाबंधन में परिवार के साथ गए गांव और चोरों ने सोने-चांदी के जेवरातों सहित नगदी पर किया हाथ साफ
सागर जिले ले खुरई के ऋषभ कुमार वार्ड के खेरा नाका क्षेत्र में अलग-अलग तीन सूने मकानों का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने सोने-चांदी के जेवरातों सहित नगदी पर हाथ साफ कर दिया है। पीड़ित लोगों ने शहरी थाने में इसकी शिकायत की है। खुरई शहर में चोरियों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पिछले दिनों हुई चोरियों का खुलासा पुलिस अब तक नहीं कर पाई है। और एक बार फिर चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। जानकारी के अनुसार खेरा नाका की चौबे कॉलोनी में रहने वाले संतोष पिता उत्तम अहिरवार ने बताया कि रक्षाबंधन के कारण वह अपने परिवार के साथ अपने गांव गए हुए थे।
साथ ही मकान में किराए से रहने वाला परिवार भी अपने गांव गया हुआ था। गांव से लौटकर आए तो घर का पूरा सामान बिखरा पड़ा हुआ मिला। घर से एक चार सौ ग्राम की करधोनी, एक जोड़ी सोने के झुमके, एक नथ सोने की, दो चूड़ी, दो जोड़ी हाथ के कंगन और दस हजार रुपए नगदी चोरी चले गए। इसके अलावा मकान में रहने वाले किराएदार राजेश पिता चंदू अहिरवार निवासी अडुआ रक्षाबंधन पर अपने गांव गए हुए थे कि इनके घर का भी ताला तोड़कर अज्ञात चोर ने जेवरात सहित नौ हजार रूपए नगदी चोरी कर लिए हैं। साथ ही खेरा नाका पर रहने वाले हरिओम पिता श्यामलाल अहिरवार(40) के सूने मकान से करीब 40 हजार रूपए कीमत के जेवरात चोरी चले गए हैं। तीनों लोगों ने अज्ञात चोर के खिलाफ शहरी थाने में शिकायत की है