Accused ran away from Sagar-brother-in-law house after seeing the pretext of marriage of sister-in-law, Sagar police caught from Surat
सागर के सानौधा थाना क्षेत्र में जीजा के घर से साली को एक युवक भगाकर अपने साथ ले गया। वह उसे गुजरात के सूरत ले गया। जहां शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तलाश करते हुए नाबालिग को दस्तयाब कर लिया है। वहीं आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र में रहने वाले फरियादी ने 2 अगस्त को थाने में शिकायत की थी।
शिकायत में बताया कि 17 वर्षीय साली घर से बगैर बताए कहीं चली गई है। परिवार के लोगों ने रिश्तेदार, परिचित और आसपास के इलाकों में खोजबीन की। लेकिन नाबालिग कहीं नहीं मिली। उन्होंने अज्ञात आरोपी पर साली को भगाकर ले जाने का संदेह जताया। शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर नाबालिग की तलाश शुरू की। मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस की गई।
साथ ही परिचितों की जानकारी निकाली गई। जांच के दौरान नाबालिग की लोकेशन गुजरात के सूरत में मिली। लोकेशन मिलते ही पुलिस टीम सूरत के लिए रवाना हुई। सूरत पहुंचकर लोकेशन के आधार पर दबिश दी और नाबालिग को दस्तयाब कर लिया। थाने लाकर नाबालिग के बयान लिए गए। जिसमें उसने बताया कि आरोपी इंदर पिता हल्केराम पटेल उम्र 22 साल निवासी शाहपुर शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया था।
उसने सूरत ले जाकर किराए के कमरे में रखा और जबरदस्ती गलत काम किया। पीड़िता के बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी इंदर के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराएं बढ़ाई। सानौधा थाना प्रभारी गौरव गुप्ता ने बताया कि अपहरण और दुष्कर्म के आरोपी इंदर पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया है।
आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। जहां कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया है। कार्रवाई टीम में एएसआई प्रीति थापा, आरक्षक अरूण डोडवा, नानका कनेश, शाहिद खान आदि शामिल थे।