6 inches of water rained in Indore in 6 hours, roads were jammed for hours, more than 26 inches of rain this season
इंदौर में 6 घंटों में बरसा 6 इंच पानी सड़कों पर घंटों लगा रहा जाम ,इस सीजन में 26 इंच से ज्यादा बारिश
मध्य प्रदेश में तेज बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव होने से इंदौर में शुक्रवार को तूफानी बारिश हुई। 24 घंटों में 6.5 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। यह सीजन की 24 घंटों में हुई सबसे तेज और ज्यादा बारिश है। इसके साथ ही इस सीजन में 26.5 इंच बारिश हो चुकी है। इस बारिश से अगस्त के 10.5 इंच का कोटा भी पूरा हो गया। साथ ही माह के कोटे से डेढ़ इंच ज्यादा है। तेज बारिश से दिन के तापमान में 5 डिग्री की गिरावट आई है। सुबह से कभी बादल तो कभी धूप निकल रही है। मौसम वैज्ञानिकों ने आज भी तेज बारिश का अनुमान जताया है। 24 घंटों में हुई करीब 6 इंच बारिश ने काफी राहत दी है।
अगस्त माह में 10 सालों में यह चौथा मौका है जब 24 घंटों में ज्यादा बारिश हुई है। इसके पूर्व 2022 में 4.35 इंच, 2015 में 7.64 इंच और 2020 में 10.53 इंच बारिश हुई थी। गुरुवार रात से शुरू हुआ रिमझिम का सिलसिला शुक्रवार को तूफानी बारिश में बदल गया। इस दौरान रात 9 बजे तक तेज बारिश होती रही। सड़कों पर लबालब पानी भरने से सारा जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। तीन स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाएं हुई। बारिश से शहर के अधिकांश चौराहों और सड़कें जो घुटने तक डूबी थी उनमें भरा पानी बारिश थमने के बाद रातभर में खत्म हो गया। इनमें विजय नगर, पलासिया, बंगाली चौराहा, खजराना, नेहरू नगर, मालवा मिल, हुकुमचंद घंटाघर, धार रोड, बीआरटीएस विजय नगर के हालात सबसे खराब थे। निगम कंट्रोल रूम के मुताबिक 27 स्थानों पर पानी भरने की सूचना थी।
इनमें से अधिकांश में निकासी कर दी गई है। गुरुवार को दिन का तापमान 32.4 (+4) डिग्री और रात का तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। शुक्रवार को तेज बारिश के चलते तापमान में तेजी से गिरावट आई। दिन का तापमान 5 डिग्री लुढ़ककर 27.3 (-1) डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रात का पारे में हल्की गिरावट आई है और 22.2 (0) डिग्री सेल्सियस रहा। गुरुवार को दिनभर में 12.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई थी। शुक्रवार को146.4 मिमी (करीब 6 इंच) बारिश हुई। अभी सीजन की 26.5 इंच बारिश हुई है जबकि पिछले साल इस दौरान 25.5 इंच बारिश हुई थी।