4 days ago in Sagar-Shahpur, children danced a lot in the birthday party and then... sagar tv news |
Sagar-शाहपुर में 4 दिन पहले बर्थडे पार्टी में बच्चों ने खूब डांस किया था और फिर...
सागर के शाहपुर में दीवार गिरने से जान गंवाने वाले पर्व विश्वकर्मा (10) ने 30 जुलाई को बर्थडे मनाया था। अपने दोस्त के जन्मदिन पर दिव्यांश साहू (10) और मयंक लोधी उर्फ वंश (10) खूब थिरके थे। 4 दिन बाद 4 अगस्त को जिन 9 बच्चों की हादसे में मौत हुई, उनमें ये तीनों भी थे। बर्थडे सेलिब्रेशन का वीडियो इन बच्चों के परिवार के लिए आखिरी याद बन गया है। शाहपुर के लोग हादसा भुला नहीं पा रहे। जिसने भी यह मंजर देखा, ठीक से सो नहीं पा रहा। गलियों - सड़कों में जो बच्चे धूम मचाते थे, अब वो नहीं रहे...।
कई किस्से इमोशनल करने वाले हैं। एक पिता तो अपने इकलौते बेटे का आखिरी बार चेहरा नहीं देख पाया। वे पुणे में रहकर मजदूरी करते हैं। सोमवार को घर लौटे तो बेटा तो नहीं मिला, घर में मिलीं तो सिर्फ परिवार के लोगों की सिसकियां। पर्व के बर्थडे की फोटो। उसने अपने दोस्तों के साथ धूमधाम से केक काटा था। दिव्यांश साहू का 14 अगस्त को जन्मदिन था। 30 जुलाई को पर्व के बर्थडे पर वह खूब थिरका था। अपनी प्लानिंग भी बता दी थी कि कैसे बर्थडे सेलिब्रेट करेगा।
उसके बड़े पिता राजकुमार साहू ने बताया कि दिव्यांश 5th क्लास में था और पढ़ाई में तेज था। हम हर साल उसका जन्मदिन धूमधाम से मनाते थे। इस बार भी तैयारी थी। पर्व विश्वकर्मा ने 30 जुलाई को 10वां जन्मदिन मनाया। परिवार ने पार्टी रखी थी। दोस्त दिव्यांश और वंश भी जन्मदिन में शामिल हुए थे। तीनों ने खूब डांस किया। एक मोहल्ले में रहने की वजह से तीनों अच्छे दोस्त थे। साथ स्कूल जाना और साथ में खेलते थे। मौत भी तीनों को साथ आई।