Crocodile rescued from Kanjiya village of Sagar-Bina, rescued and released in Betwa river. sagar tv news |
सागर जिले के बीना के कंजिया गांव में मंदिर के पास रामायण पाठ के दौरान 12 फीट लंबा मगरमच्छ दिखाई दिया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस की सुचना पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को पकड़कर बेतवा नदी में छोड़ा। डिप्टी रेंजर ओपी शिल्पी ने बताया कि कंजिया गांव के बीच में एक मंदिर में साेमवार को रामायण का पाठ किया जा रहा था। मंदिर के पास ही करीब 12 फीट लंबा एक मगरमच्छ घूम रहा था।
सूचना मिलने के बाद टीम ने मगरमच्छ को पकड़ना शुरू किया। करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रस्सियों और जाल डालकर मगरमच्छ को पकड़ा गया। मगरमच्छ को पकड़कर गांव से करीब दो किमी की दूरी पर सागर और अशोकनगर जिले की सीमा में स्थित बेतवा नदी के पुल पर उसे छोड़ दिया गया। डिप्टी रेंजर ने बताया कि गांव के पास ही बेतवा और परासरी नदी है। यहीं से मगरमच्छ निकलकर गांव में आया होगा।
रेस्क्यू दल में परिक्षेत्र सहायक ओपी शिल्पी, वनरक्षक ब्रजेश शर्मा, बुन्देल लोधी और ग्रामीणों के सहयोग से मगरमच्छ को पकड़कर नदी में छोड़ गया। खुरई वन परिक्षेत्र अधिकारी चंद्रभूषण सिंह ठाकुर ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद टीम को मौके पर भेजा गया था। रेस्क्यू ऑपरेशन करने के बाद उसे बेतवा नदी में छोड़ा गया है। मगरमच्छ ने किसी को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचाया है।