Thieves broke into the house in Sagar Vidyapuram Colony by breaking the lock, did not even leave the mobile charger sagar tv news
सागर में मकरोनिया थाना क्षेत्र की विद्यापुरम कॉलोनी में चोरों ने सूने मकान में सेंध लगाई। चोर मकान में रखी अलमारी का लॉक तोड़कर गहने और नकद रुपए लेकर भाग गए हैं। वारदात के समय परिवार ग्वालियर गया था। वापस लौटकर आया तो वारदात सामने आई। सोमवार को मकरोनिया थाना पहुंचकर फरियादी ने शिकायत की। शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस के अनुसार सारिका पति धर्मेन्द्र यादव उम्र 33 साल निवासी एयरटेल टावर के पास विद्यापुरम कालोनी मकरोनिया ने थाने में शिकायत करते हुए बताया कि 26 जुलाई को परिवार के साथ निजी काम से ग्वालियर गए थे। 29 जुलाई की रात करीब 3.30 बजे वापस लौटकर सागर आई। अपने घर विद्यापुरम पहुंची तो मैनगेट का ताला लगा था। ताला खोलकर अंदर पहुंचे तो हाल के दरवाजे का ताला टूटा था। घर के अंदर सामान फैला पड़ा था।
कमरे में रखी अलमारी खुली थी और सामान बिखरा पड़ा था। चोरी होने पर तत्काल डायल-100 पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की। फरियादी ने बताया कि वारदात के दौरान चोर घर में रखे 4 नग सोने के कान के टाप्स, 2 सोने के पेंडल, 2 सोने के हार, 1 सोने की अंगूठी, चांदी लगभग 500 ग्राम जिसमें नई पायल 3 नग, बच्ची के तीन नग चांदी के कंगन, चांदी के 4 सिक्के, बच्चे की सोने की वाली, नकद 40 हजार रुपए और मोबाइल व चार्जर लेकर भागे है। शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है। वारदातस्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज पुलिस खंगाल रही है।