Sagar-Four rivers in spate due to rain, Rajghat overflowed, know where and how much rain? , sagar tv news |
सागर जिले में लगातार बारिश का दौर जारी है। सावन का महीना जिस दिन से शुरू हुआ है उसी दिन से जिले में रुक-रुककर बारिश हो रही है। जिससे नदी-नाले उफान पर हैं। शनिवार को भी बीना, सिलार, परासिया और लांच नदी उफान पर है, जिससे कई मार्ग बंद हो गए है, पिछले 24 घंटों में जिले में 28 मिमी औसत बारिश हुई।
जिसमें सबसे ज्यादा जैसीनगर में 103 मिमी यानी चार इंच बारिश हुई। ऊपरी इलाकों में हुई झमाझम बारिश के असर से सागर की लाइफ लाइन राजघाट बांध ओवर फ्लो हो गया है। राजघाट अपनी पूरी क्षमता 515 मीटर तक भर चुका है। शनिवार को सुबह से सागर में बादल छाए हुए हैं।
इसके साथ रुक रुक कर हल्की हल्की फुहारे और बौछारें गिर रही है, हवाओं से वातावरण में ठंडक है। बादलों के बीच जिले के कुछ इलाकों में रिमझिम बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ लाइन प्रदेश के कुछ जिलों से होकर गुजर रही है। वहीं साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम भी लो प्रेशर एरिया में बदल गया है। इस कारण प्रदेश में बारिश का असर है। शनिवार रविवार को सागर जिले में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
सागर जिले में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। जिले में पिछले 24 घंटों में 28.4 मिमी औसत बारिश दर्ज की गई है। इस दौरान सागर में 38.3 मिमी, जैसीनगर में 103.2, राहतगढ़ में 13, खुरई में 37.2, मालथोन में 35.2, बंडा में 31, शाहगढ़ में 6, गढ़ाकोटा में 3.2, रहली में 9, देवरी में 7.1 और केसली में 4.4 मिमी बारिश हुई है।
भू-अभिलेख कार्यालय के अनुसार सागर जिले में बारिश के इस सीजन में 1 जून से अब तक 479.4 मिमी औसत बारिश हो चुकी है। जबकि पिछले साल 27 जुलाई तक 524.5 मिमी औसत बारिश हुई थी। जिले में सामान्य बारिश 1230.5 मिमी की तुलना में अब तक 38.9 प्रतिशत बारिश हो चुकी है।