People took out a procession under the banner of District Banao Sangharsh Samiti demanding to make Sagar-Khurai a district.
Sagar-खुरई को जिला बनाने की मांग को लेकर जिला बनाओं संघर्ष समिति के बैनर तले लोगों ने निकाला जुलूस
सागर जिले के खुरई को जिला बनाने की मांग को लेकर जिला बनाओं संघर्ष समिति के बैनर तले लोगों ने जुलूस निकालकर मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन एसडीएम रवीश कुमार श्रीवास्तव को सौंपा है। इसके बाद जिला बनाने की मांग को लेकर तहसील परिसर में बने टीन शेड पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया गया है। खुरई के महाकाली मंदिर टीन शेड से जिला बनाने की मांग को लेकर लोगों ने जुलूस निकाला जो नगर के शिवाजी चौक, झंडा चौक, परसा चौराहा से होकर एसडीएम कार्यालय पहुंचा।
जहां मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन एसडीएम रवीश कुमार श्रीवास्तव को सौंपा गया है। ज्ञापन में उल्लेख है कि खुरई प्रदेश की सबसे पुरानी तहसील है, जिसकी स्थापना 1867 में हुई थी। इसी तरह खुरई नगर पालिका का गठन 1893 में हुआ था उस समय मध्य प्रदेश की सबसे अच्छी नगर पालिकाओं में इंदौर एवं खुरई का स्थान था। खुरई में पुलिस थाने का निर्माण सन 1904 में हुआ था। इसी तरह न्यायालय की स्थापना 1862 में हुई थी। खुरई में जिले के सभी शासकीय कार्यालयों के लिए पर्याप्त शासकीय जमीन है।
यहां तक कि 1980 के दशक से चली आ रही समिति और सरकारी रिकार्ड के अनुसार खुरई का नाम जिला पुर्नगठन आयोग ने पहले प्रस्तावित किया है। खुरई में सबसे पुरानी तहसील,न्यायालय, शिक्षा का क्षेत्र,कृषि यंत्रों में देश में नाम,गेहूं में देश में प्रसिद्ध,शासकीय कृषि महाविद्यालय, बड़ा 100 बिस्तरीय अस्पताल, मेडीकल कालेज को आरक्षित भूमि,पालीटेक्निक कालेज,नवोदय विद्यालय व जिला कार्यालयों को आवश्यक पर्याप्त खाली जमीन सहित अन्य ऐसी आवश्यक जरुरतों को पूरा करने में सक्षम है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि बीना पहले खुरई तहसील का ही हिस्सा रहा है और करीब 1982 में ही तहसील बनी है।
इसके बाद खुरई से मालथौन तहसील बनी और फिर बांदरी भी तहसील बनाई गई है। खुरई तहसील का गठन 1867 को हुआ था जो सबसे बड़ी और सबसे पुरानी तहसील मानी जाती है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि खुरई को जिला बनाने की घोषणा सबसे पहले वर्ष 1980 में तत्कालीन मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह ने की थी। इसके बाद वर्ष 1998 में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और सन 2008 में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिह ने खुरई को जिला बनाने की घोषणा कर चुके हैं। खुरई जिला बनाओ संघर्ष समिति के सदस्यों ने बताया कि जिला बनाने की मांग कई सालों से की जा रही है। सोमवार को जिला बनाने की मांग को लेकर जुलूस निकालकर ज्ञापन सौंपा गया है। इसके बाद जब तक खुरई को जिला नहीं बनाया जा रहा है तब तक तहसील परिसर में बने टीन शेड में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। इसके तहत कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।