Sagar- As soon as the brakes of the container applied, the bus and 10 passengers reached the hospital from behind, it was going from Nepal to Bengaluru.
Sagar-कंटेनर के ब्रेक लगते ही पीछे से बस और 10 यात्री पहुंचे अस्पताल ,नेपाल से बेंगलुरु जा रही थी
सागर जिले के खुरई के बांदरी में नेशनल हाईवे 44 पर गुरुवार दोपहर को कंटेनर के ड्राइवर के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे चल रही बस उसमें पीछे से टकरा गई। हादसे में बस में सवार 10 यात्री घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही बांदरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को बांदरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। जानकारी के अनुसार राजधानी एक्सप्रेस कंपनी की स्लीपर बस (यूपी78एफएन7884) नेपाल से बेंगलुरु जा रही थी।
इस दौरान गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे नेशनल हाईवे 44 पर बांदरी के ढाबे के पास एक कंटेनर ने अचानक से ब्रेक लगा दिए। इस दौरान यात्री बस उसमें पीछे से जा टकराई।घटना के बाद कंटेनर सागर की ओर भाग निकला। बस में करीब 45 यात्री सवार थे, जिसमें से 10 यात्री घायल हो गए। बस के टकराने की आवाज आते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना मिलते ही बांदरी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से बांदरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
बस ड्राइवर प्रांशु दुबे ने बताया कि नेशनल हाईवे पर रुद्राक्ष ढाबे के पास आगे चल रहे कंटेनर के ड्राइवर ने अचानक से ब्रेक लगा दिए। ब्रेक लगाते ही बस उसमें पीछे से जा टकराई। चालक ने बताया कि अगर वह इमरजेंसी ब्रेक नहीं लगाता और बस साइड में नहीं लेता तो बड़ा हादसा हो सकता था। बस के टकराते ही कंटेनर चालक अपना वाहन मौके से लेकर फरार हो गया। बस में सवार लक्ष्मी पति रिरजन खंगोर (31), सुमित्रा पति दीपक मडुहोल (21), करन पिता रायवादिर विपट (22), सरस्वती पति कृष्णा जुवेदी(33), कमला पति करन तिरत (21), हगीसरा पति सुखद भोजल (22), कृष्णा पति शेर बहादुर बुद्धा (25), मनीषा पिता नीरज रावत (11), धनीसरा पिता नीरख बहादुर थापा(55), सृष्टि पिता कुशल थापा (6) सभी निवासी नेपाल घायल हो गए। घायलों को बांदरी में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सागर रेफर कर दिया गया है।