मौसम का मिजाज बदला,कहीं बूंदाबांदी,कहीं हल्की बारिश,मानसून की एंट्री चार-पांच दिनों में
एमपी के बुरहानपुर जिले भर में मौसम का मिजाज शुक्रवार सुबह से बदला हुआ है। सुबह सवा नौ बजे से पौने दस बजे के बीच आधे घंटे तक निंबोला, झिरी क्षेत्र में प्री-मानसून की बारिश हुई। वहीं नेपानगर क्षेत्र के अंबाड़ा में नौ बजे से करीब पंद्रह मिनट तक जमकर पानी बरसा।पिछले कुछ दिनों से मौसम में बदलाव के कारण अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
पिछले करीब छह सात दिनों से जिले का अधिकतम तापमान कभी 35 तो कभी 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है। जबकि इससे पहले यह कभी 38 तो कभी 40 डिग्री था, लेकिन बीच बीच में प्री-मानसून की बारिश से असर पड़ा है। हालांकि उमस और गर्मी से आमजन को अभी पूरी तरह राहत नहीं मिली है, क्योंकि बारिश के कुछ समय बाद फिर से गर्मी भी लगने लगती है। वहीं न्यूनतम तापमान 25-26 डिग्री सेल्सियस के आसपास चल रहा है।
वहीं इंदौर में जून के तीसरे हफ्ते में भी अभी प्री मानसून की गतिविधियां बनी हुई हैं। पिछले 24 घंटों में दिन का तापमान 36 डिग्री पर स्थिर है जबकि रात के तापमान में 1 डिग्री का इजाफा हुआ है। शुक्रवार सुबह से ही बादल छाए रहे।
सुबह 10.30 बजे कुछ क्षेत्रों में बूंदाबांदी तो कहीं हल्की बारिश शुरू हो गई। दूसरी ओर प्रदेश में मानसून की एंट्री दो-तीन दिनों में संभावित है। इंदौर में चार-पांच दिनों में मानसून एंटर होने के आसार हैं। इसके तहत अभी तीन-चार दिन ऐसे ही बारिश होगी।