सागर लोकसभा का कंधे से कंधा मिलाकर विकास में चार चांद लगाएंगी-सांसद डॉ. लता वानखेड़े
सागर लोकसभा की नवनिर्वाचित सांसद डॉ लता वानखेड़े मंगलवार को बीना आईं। जहां उन्होंने जीत के बाद सभी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन एवं आभार व्यक्त किया। जीत के बाद पहली बार बीना आईं नवनिर्वाचित सांसद ने कहा कि सागर जिले में केवल बीना में ही भाजपा का विधायक नहीं था लेकिन बिना विधायक के इतनी बड़ी जीत मेरी जीत नहीं है यह कार्यकर्ताओं की जीत है। कार्यकर्ताओं का अभिनंदन एवं आभार व्यक्त करने बीना आईं नवनिर्वाचित सांसद डॉ लता वानखेड़े ने निजी होटल में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस जीत के सच्चे हकदार भारतीय जनता पार्टी के जांबाज कार्यकर्ता हैं जिन्होंने कड़ी धूप में मेहनत करके अपने बूथ पर भारतीय जनता पार्टी को विजय श्री दिलाई।
संगठन का एक-एक कार्यकर्ता जिसको जो दायित्व मिला उसने बखूबी अपने दायित्व को निभाया। मतदाताओं से घर-घर जाकर भारतीय जनता पार्टी को जिताने की अपील की। जिसकी वजह से आज हम बीना विधानसभा व सागर लोकसभा में ऐतिहासिक मतों से विजय श्री प्राप्त कर पाए। उन्होंने कहा कि सागर जिले में केवल बीना विधानसभा में हमारा विधायक नहीं होने के बाद भी इतनी बड़ी जीत कार्यकर्ताओं की जीत है। भाजपा जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठिया ने कहा कि बीना में लंबे समय से जो मांगे चली आ रही थीं, अब हम सांसद और विधायक के साथ मिलकर क्षेत्र के विकास के लिए उन मांगों को पूरा करने का प्रयास करेंगे।
लोकसभा चुनाव के मतदान के ऐन वक्त कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आई बीना विधायक निर्मला सप्रे ने कहा कि हम कंधे से कंधा मिलाकर सभी लोग एकजुट होकर बीना विधानसभा के विकास में चार चांद लगाएंगे मैंने बीना के विकास के लिए इतना बड़ा निर्णय लिया है। क्योंकि मैंने जो जनता से वादे किए थे कि बीना का विकास करेंगे उसमें किसी प्रकार का कोई रोड़ा नहीं अटकना चाहिए। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता मौजूद रहे।