सागर में सब्जी मंडी से चोरी हुआ मोबाइल,अलग-अलग खातों में ट्रांसफर किए ₹85 हजार रुपए
सागर में शिक्षक का मोबाइल चोरी होने के बाद उनके बैंक खाते से रुपए निकाले गए। मोबाइल में मौजूद पेटीएम एप के माध्यम से बदमाश ने रुपए अलग-अलग खातों में ट्रांसफर किए हैं। वारदात सामने आते ही शिक्षक ने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की है। शिकायत पर पुलिस ने मामला जांच में लिया है। जानकारी के अनुसार शिक्षक धनीराम पिता रामचंद लड़िया उम्र 60 साल निवासी सांई वाटिका कॉलोनी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत की है। शिकायत में बताया कि 16 जून रविवार को तिलकगंज स्थित सब्जी मंडी गया था।
जहां खरीदी करते समय मोबाइल चोरी हो गया था। जिसकी शिकायत कोतवाली थाने में 17 जून को कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके मोबाइल में पेटीएम एप डाउनलोड था। मोबाइल चोरी होने के बाद बैंक खाते से 85 हजार रुपए निकाल लिए गए। खाते से पैसे निकलने पर बैंक पहुंचकर जानकारी निकाली। बैंक स्टेटमेंट में पता चला कि खाते से कई बार में अलग-अलग खातों में रुपए ट्रांसफर किए गए हैं। उन्होंने बैंक स्टेटमेंट समेत जिन खातों में पैसे ट्रांसफर किए गए हैं, उनके नंबर दिए हैं। उन्होंने मामले में जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने और रुपए वापस दिलाने की मांग की है।