Sagar-थाने में महिला से पूछताछ के वीडियो में SP ने दिए जांच के आदेश
सागर के केसली थाने में महिला से अवैध शराब के संबंध में पूछताछ का वीडियो सामने आया है। महिला ने अवैध शराब के नेटवर्क के बारे में खुलासा किया है। उसने अवैध शराब बेचने वाले कई लोगों के नाम भी पुलिस को बताए हैं। एसपी अभिषेक तिवारी ने मामले की जांच देवरी एसडीओपी शशिकांत सरयाम को सौंपी है।
वीडियो करीब चार दिन पुराना बताया जा रहा है। दरअसल, केसली थाना पुलिस ने अवैध शराब के मामले में दुर्ग सिंह और संदीप सिंह को गिरफ्तार किया था। इसी दौरान एक महिला भी थाने पहुंच गई। पूछताछ के दौरान महिला ने पुलिस को अवैध शराब के नेटवर्क के संबंध में जानकारी दी। इसी दौरान किसी ने वीडियो बना लिया। इसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। पकड़े गए व्यक्ति महिला के पति और देवर हैं।
वीडियो में महिला कहती नजर आ रही है कि वह तिली क्षेत्र में स्थित शराब दुकान से शराब लेकर आई थी। अवैध शराब का काम करने वाले कुछ लोगों के नाम भी बताए। पुलिस ने महिला के पति और देवर के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। एसपी अभिषेक तिवारी ने बताया कि वीडियो पर संज्ञान लेते हुए एसडीओपी देवरी को जांच सौंपी है। मामले में जो भी शामिल है उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यदि अन्य अनियमितता हुई है, तो जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।