सागर-केंद्रीय जल आयोग की टीम ने राजघाट बांध, लाखा बंजारा झील,सीवर प्लांट का किया निरीक्षण
सागर-केंद्रीय जल आयोग की टीम ने राजघाट बांध, लाखा बंजारा झील,सीवर प्लांट का किया निरीक्षण
केंद्रीय जल आयोग की टीम ने सागर शहर में किया निरीक्षण
भारत सरकार के भू-जल आयोग और केंद्रीय जल आयोग की दो सदस्यीय टीम ने सागर नगर निगम और सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने शहर में किये गए विकास कार्यों और उनसे नागरिकों के जीवन पर पड़े प्रभावों को देखने के लिए शहर का भ्रमण किया। सोमवार और मंगलवार के दो दिवसीय निरीक्षण कार्यक्रम में नरेश कुमार रोहित सहायक निर्देशक केंद्रीय जल आयोग और लता उड़ेरिया केंद्रीय भू-जल आयोग ने राजघाट बांध, लाखा बंजारा झील, सीवर प्लांट सहित शासकीय स्कूल का निरीक्षण कर नेशनल वॉटर अवार्ड के लिए ग्राउंड ट्रुथ वेरिफिकेशन किया। उन्होंने नगर निगम और स्मार्ट सिटी के अधिकारियों के साथ राजघाट पहुंच कर डेम में उपलब्ध पानी के स्तर को देखा। सागर में की जा रही मांग और आपूर्ति के विषय में विस्तार से जानकारी ली। टीम के सदस्यों ने यहां के इंटकवेल और पेयजल शोधन प्रयोगशाला आदि का भी निरीक्षण किया। शहर में सप्लाई होने वाले पेयजल की गुणवत्ता को जाँचा-परखा। लाखा बंजारा झील पहुंच कर पूर्व समय में झील में मिलने वाले छोटे-बड़े 41 नालों की टैपिंग और इनसे बहकर आने वाले ग्रे वॉटर आदि की जानकारी ली। इस ग्रे वॉटर को ट्रीट कर पुनः उपयोगी बनाने हेतु तैयार लगभग 4 एमएलडी क्षमता के वेस्ट वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने झील के जलस्तर और पानी की गुणवत्ता के साथ-साथ झील के पास भू-जल स्तर के विषय में भी जानकारी ली। झील के पेरीफेरी में की गई व्यवस्थाओं और सौंदर्यकरण कार्यों आदि को भी देखा। केंद्रीय जल आयोग की टीम ने पथरिया हाट में बनाये गये सीवर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण कर यहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सीवर ट्रीटमेंट टेंकों, मशीनरी, लेबोरेटरी सहित अपशिष्ट प्रबंधन की विस्तार से जानकारी ली। इस प्लांट से ट्रीटमेंट के पश्चात निकलने वाले उत्पाद के रूप में स्लज और साफपानी आदि की गुणवत्ता देखी। इसके उपयोग की भी जानकारी ली। उन्होंने शहर की अन्य परियोजनाओं में किये गये विकास कार्यों सहित शासकीय स्कूल का भी निरीक्षण किया।