सागर में शादी के मंडप पर पुलिस की टीम ने की कार्रवाई, रोके 14 विवाह
सागर में शादी के मंडप पर पुलिस की टीम ने की कार्रवाई, रोके 14 विवाह
पुलिस की टीम ने 14 विवाह रोके शादी के मंडप पर की कार्रवाई
बाल विवाह रोकने के लिए चल रही सख्ती और समझाइश के बाद भी आखातीज शुक्रवार को सागर सहित जिले भर में बाल विवाह किए जाने की तैयारी थी और किए जा रहे थे। इन्हें महिला बाल विकास विभाग, विशेष किशोर पुलिस इकाई और पुलिस बल की टीम ने रोका है। शाम 7 बजे तक 14 स्थानों पर कार्रवाई की गई और समइाइश के बाद बाल विवाह रोके गए। कुछ स्थानों पर विवाद की स्थिति भी बनी। इसे पुलिस बल के सहयोग से शांत कराया। शादी के लिए तय उम्र पर ही विवाह करने के सहमति पत्र दोनों पक्षों से लिए गए। जानकारी के मुताबिक जारी किए नंबरों व शासन के अपने अपने तंत्र के माध्यम से जिले के अलग अलग स्थानों पर बाल विवाह होने की सूचना मिली थी। इसके बाद विशेष किशोर पुलिस इकाई, महिला बाल विकास की स्थानीय टीम सुपरवाइजर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहित संबंधित थानों का पुलिस बल गांवों में बताए स्थानों पर गए तो विवाह होने वाले लड़के और लड़की के आधार कार्ड सहित दस्तावेज मांगे गए। उनकी जांच में नाबालिग पाए जाने पर शादी रोकने की समझाइश दी और उनके सहमति पत्र लिए गए। पंचनामा आदि बनाने की कार्रवाई की गई। साथ ही स्थानीय स्तर पर महिला बाल विकास की टीम को निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। विशेष किशोर इकाई की ज्योति तिवारी ने बताया कि जहां से भी सूचना मिली टीम वहां गई। बाल विवाह रोके। जिले में 14 बाल विवाह रोके हैं। रात में भी कुछ बाल विवाहों की सूचना है, वहां देर रात जाएंगे। जलंधर मंदिर जरुआखेड़ा, बापराज मंदिर, कर्रापुर, नयाखेड़ा तथा नरयावली में यह कार्रवाई की गई। जिले में इतने रोके गए बाल विवाह सागर शहर में 6 ,खुरई में 2 ,नरयावली में 2,जरुआखेड़ा में 1, ,कर्रापुर में 2 ,विनायका में 1, रोके गए।