नगर निगम का फरार एक्जीक्यूटिव इंजीनियर UP से गिरफ्तार,साथी की जमानत याचिका खारिज | sagar tv news |
इंदौर नगर निगम में फर्जी बिल घोटाले में फरार 25 हजार रुपए के इनामी एग्जीक्यूटिव इंजीनियर अभय राठौर को पुलिस ने एटा (उप्र) से गिरफ्तार किया है। वह एटा में अपने रिश्तेदारों के यहां छिपा था। अभय ही इस पूरे घोटाले का मास्टरमाइंड है। उस पर चार कंपनियों के जरिए करोड़ों रुपए का घोटाला करने का आरोप है। पुलिस को पूछताछ में और भी खुलासे होने और नए आरोपियों के बारे में जानकारी सामने आने की उम्मीद है। डीसीपी-जोन-3 पंकज पाण्डे ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए, आज इस मामले का खुलासा करने की जानकारी दी है। इधर, इसी मामले में एक अन्य आरोपी राहुल वडेरा की जमानत खारिज कर दी है। जबकि उसकी पत्नी रेणु को बीमारी का हवाला देने पर जमानत मिल चुकी है।
पुलिस ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। इस बीच पुलिस को जानकारी मिली कि उसके बेटे का उप्र में ससुराल है। इसके साथ ही अन्य रिश्तेदार भी उप्र के कई शहरों में है। इस पर पुलिस ने सूत्र तलाशे और एटा में एक मकान पर दबिश दी। यहां राठौर ने पुलिस से हुज्जत करते हुए गिरफ्तारी वारंट दिखाने को कहा। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान उसके रिश्तेदारों ने वहां दबाव-प्रभाव बनाने की कोशिश की लेकिन उनकी एक नहीं चली।