सागर में मतदान के दिन ड्यूटी पर तैनात TI से बहस करने पर FIR दर्ज
सागर में मतदान के दिन ड्यूटी पर तैनात TI से बहस करने पर FIR दर्ज
सागर में TI से मतदान केंद्र बहस करने पर FIR दर्ज
सागर में लोकसभा चुनाव को लेकर हुए मतदान के दौरान ड्यूटी पर तैनात कार्यवाहक निरीक्षक से बदसलूकी करने वाले के खिलाफ सानौधा थाना पुलिस ने शासकीय कार्य में बांधा समेत अन्य धारा में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार पीटीएस में पदस्थ कार्यवाहक निरीक्षक केशव नारायण अरजरिया ने थाने में शिकायती आवेदन दिया था।
जिसमें उन्होंने बताया कि मतदान के चलते थाना सानौधा में सेक्टर मोबाइल में ड्यूटी करने के लिए आमद हुआ था। मतदान के दिन सेक्टर मोबाइल से मतदान केंद्रों की व्यवस्था के लिए रवाना होकर मतदान केंद्र-250 डूंगासरा पहुंचा। जहां मतदान केंद्र के दरवाजे पर लगे टेंट में डूंगासरा का शिवराज यादव उम्र 45 वर्ष अपने 10-12 साथियों के साथ कुर्सियों पर बैठा था। जिससे पूछा कि आप लोग यहां कैसे बैठे हैं? तो शिवराज यादव ने कहा कि हम व्यवस्था बनाने के लिए बैठे हैं। मैंने कहा कि यहां मतदान हो रहा हैं, आप लोग मतदान केंद्र से 100 मीटर की दूरी पर बैठें। जिस पर शिवराज यादव मुझसे और स्टाफ से बहस करने लगा। समझाने के बाद दूसरे मतदान केंद्रों के भ्रमण के लिए चला गया।
जिसके बाद दोबारा डूंगासरा मतदान केंद्र पर पहुंचा तो पहले की तरह शिवराज यादव अपने 4-5 साथियों के साथ मतदान केंद्र के दरवाजे पर लगे टेंट में कुर्सी पर बैठा मिला। जिस पर मैंने आपत्ति ली और उन्हें कुर्सी छोड़कर मतदान केंद्र के बाहर जाने या वोट डालने की लाइन में लगने के लिए कहा। इसी दौरान शिवराज यादव ने बदसलूकी करते हुए कहा कि तुम मुझे जानते नहीं हो। हम यहां व्यवस्था बना रहे हैं। ठीक नहीं होगा और बदतमीजी कर मुझसे बहस करते हुए मतदान केंद्र से स्वयं नहीं जाकर मुझे धमकाने लगा। धमकी देते हुए शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाया। मामले की शिकायत पर सानौधा थाना पुलिस ने शिवराज यादव के खिलाफ शासकीय कार्य में बांधा और आचार संहिता उल्लंघन की धारा में प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है।