गुटखा सेल्समैन का डेढ़ लाख रुपए से भरा संदूक ले उड़े चोर, पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश
ग्वालियर में थोक दुकानों पर गुटखा सप्लाई कर रहे सेल्समैन का 1.50 लाख रुपए से भरा संदूक चोरों द्वारा उड़ाने का मामला सामने आया है। चोरी की घटना सुरेश नगर चौराहा पर भीड़भाड़ के बीच हुई। सेल्समैन ने पैसा लोडिंग वाहन के पिछले हिस्से में संदूक में रखा था। घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है। जानकारी के मुताबिक फरियादी रामबरन बघेल निवासी शिवाजी नगर (थाटीपुर) ने बताया कि वो थोक की दुकानों पर लोडिंग वाहन से गुटखा सप्लाई करता है।
सुबह की पाली में पिंटो पार्क से दीनदयाल नगर तक 5-6 दुकानों पर गुटखा पाऊच पहुंचाता है। दूसरे फेज में मुरार से थाटीपुर में सप्लाई करते हैं। मुरार में गुटखा सप्लाई कर सुरेश नगर में अन्नपूर्णा किराना पर पहुंचे थे। उन्होंने गुटखा के पैकेट उतारे। गाड़ी के पिछले हिस्से में बोरियां और लोहे का संदूक भी था इसमें वसूली का करीब 1.50 लाख रुपया रखा था। वो दुकान में बोरी रखकर लौटे तो संदूक गायब था।
सीसीटीवी में साफ दिख रहा है कि दो युवक लोडिंग वाहन के पास आते हैं। एक गेट खोलकर संदूक बाहर निकालता है। जबकि दूसरा आसपास के माहौल पर नजर रखता है। इसके बाद दोनों दौड़कर सड़क की दूसरी ओर निकलते हैं जहां एक बाइक सवार पहले से खड़ा होता है। तीनों बाइक पर बैठकर गायब हो जाते हैं।
यह घटना बताती है कि चोरों को पुलिस का कोई खौफ नहीं रहा। आरोपी दिनदहाड़े भीड़ में से चोरी कर भाग गए। अब देखना यह है कि कानून के लंबे हाथ चोरों तक कब पहुंचते हैं। एएसपी निरंजन शर्मा ने बताया कि गुटखा सेल्समैन के कलेक्शन वाले रुपए चुराने की शिकायत हुई है। सीसीटीवी कैमरों की जांच के साथ ही संदिग्धों से पूछताछ कर रहे हैं।