सागर-मतदान संबंधी प्रशिक्षण में गायब रही शिक्षिका की सेवाएं होंगी समाप्त, कलेक्टर ने जारी किए आदेश
शिक्षिका की सेवाएं होंगी समाप्त चुनाव कार्य में गायब रहने पर सख्ती
सागर-मतदान संबंधी प्रशिक्षण में गायब रही शिक्षिका की सेवाएं होंगी समाप्त, कलेक्टर ने जारी किए आदेश
लोकसभा चुनाव के प्रशिक्षण में नदारद रहना एक शिक्षिका को भारी पड़ गया है। कलेक्टर दीपक आर्य ने शिक्षा विभाग से उसकी सेवा समाप्ति का आर्डर कर दिया है। जानकारी के मुताबिक सागर जिले के राहतगढ़ क्षेत्र की नवनियुक्त प्राथमिक शिक्षिका नेहा खेरवार के कार्यभार ग्रहण करने के बाद बगैर किसी पूर्व सूचना के गायब रहने और मतदान प्रशिक्षण से भी अनुपस्थित रहने पर उनके खिलाफ सेवा समाप्ति की कार्रवाई होगी। कलेक्टर दीपक आर्य ने जिला शिक्षा अधिकारी को प्राथमिक शिक्षिका नेहा खेरवार को अपने मुख्यालय और विद्यालय से 18 अगस्त 2023 से लगातार गायब होने की जांच कराकर सेवा समाप्ति की कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। उक्त प्राथमिक शिक्षिका 2 अप्रैल से 7 अप्रैल तक आयोजित मतदान दल के प्रशिक्षण में अनुपस्थित पाई गई थी। इसके बाद उसकी कुंडली खंगाली गई। कारण बताओ नोटिस का भी उसने कोई उत्तर प्रस्तुत नहीं दिया। संकुल प्राचार्य कन्या उमावि राहतगढ़ ने बताया कि शिक्षिका नेहा खेरवार 17 अगस्त 2023 को कार्यभार ग्रहण करने के बाद दूसरे दिन से बगैर पूर्व सूचना के लगातार अनुपस्थित है। इसी आधार पर यह कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।