सागर-शादी समारोह से लौट रहा युवक अब कभी घर नहीं पहुंचेगा || SAGAR TV NEWS ||
सागर जिले के खुरई-रजवांस रोड़ स्थित धनौरा गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक चालक की जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। मृतक शादी समारोह में खाना खाने के बाद गोलनी गांव से अपने घर लौट रहा था। जानकारी के मुताबिक 40 वर्षीय देवी सिंह अहिरवार निवासी अब्दुल कलाम वार्ड खुरई जो शादी समारोह में खाना खाने के लिए गोलनी गांव गया हुआ था। शादी समारोह में शामिल होने के बाद वापिस अपनी बाइक से खुरई लौट रहा था तभी धनौरा गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गया।
इसके बाद उसे खुरई सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल सागर रेफर कर दिया गया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन उसे खुरई सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां खुरई देहात थाना पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव का सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।