कमल नाथ का बड़ा एलान, बोले-महिला को 1500 रुपए गैस 500 रुपए में देंगे
नरसिंहपुर में मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने घोषणा की है कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही महिलाओं को 1500 रुपए महीने दिया जाएगा। साथ ही गैस सिलिंडर 500 रुपए में मिलेगा। कमल नाथ रविवार को जनपद मैदान में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। करीब 15 मिनट के संबोधन में पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने मुख्यमंत्री और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इंवेस्टर्स मीट की नौटंकी करते हैं। कोई भी उद्योग तब लगता है जब उद्योग लगाने वालों को विश्वास होता है। कमल नाथ ने कहा कि मुख्यमंत्री को छिंदवाड़ा से बड़ा लगाव है वह वहां बार-बार आते हैं। जबकि वहां सभी विधायक, महापौर, जिला पंचायत कांग्रेस के हैं। इस दौरान कमलनाथ ने कहा कि मुख्यमंत्री ने एक सभा में कहा कि वे कमल नाथ की राजनीति का अंत करना चाहते हैं। मैं इन बातों में नहीं पड़ना चाहता लेकिन कहना चाहता हूं कि शिवराज जी मैं मंहगाई, बेरोजगारी का अंत करना चाहता हूं। उन्होंने कहा कि शिवराज जी हम मिलकर आपकी राजनीति का अंत करेंगे। यह प्रदेश की जनता बहुत समझदार है। आज हर मतदाता के सामने चुनौती है कि हम अपना प्रदेश कैसे सुरक्षित रखें। पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में की गई कर्ज माफी, गोशाला निर्माण, कन्याओं के विवाह के लिए राशि में वृद्धि, पेंशन वृद्धि जैसे कार्य बताए। उन्होंने कहा कि जब हम मुख्यमंत्री थे, मैंने तय किया कि मैं सौदे की कुर्सी पर नहीं बैठूंगा। मैं मप्र की पहचान सौदे की राजनीति से नहीं बनाना चाहता हूं। उन्होंने शिवराज सरकार से एक बार फिर 18 वर्ष का हिसाब मांगा।