सागर- भाजपा के राज में हो रहा महिलाओं का सम्मान, बोले हीरा सिंह राजपूत
सागर के जैसीनगर पहुंचे जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने कहा कि महिलाओं का सम्मान आदि काल में भगवान श्री राम के समय हुआ, या फिर भाजपा की सरकार में हो रहा है। उन्होंने कहा कि लाडली लक्ष्मी योजना के बाद अब भाजपा की शिवराज सरकार लाडली बहना योजना लाई है। जिसका शुभारंभ, 8 मार्च को महिला दिवस के मौके पर किया जा रहा है। जिसमें हर महिला को हर महीने 1000 रूपये दिए जाएंगे। वहीं हीरा सिंह राजपूत ने जैसीनगर में 5 करोड़ की लागत से एयर कंडीशनर हाल बनाने की भी बात कही जिसका निर्माण कार्य अगले महीने शुरू होगा। दरअसल जैसीनगर के मंगल भवन में महिला बाल विकास विभाग परियोजना जैसीनगर द्वारा लाडली लक्ष्मी योजना की बालिकाओं और अभिभावकों का सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया था। जिसके मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत थे। वहीं भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष वंदना दुबे जैसीनगर महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष क्रांति पटेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष बृजेंद्र सिंह समेत अन्य लोग शामिल हुए। इस दौरान हीरा सिंह ने कन्याओं का पूजनकर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद परियोजना अधिकारी अरुण सिंह ने आंगनवाड़ी विभाग की योजनाओं की जानकारी दी। जिसके बाद लाडलियों का सम्मान कर लाडली लक्ष्मी योजना के प्रमाण पत्र हितग्राहियो को बांटे गए। हीरा सिंह ने पोषण आहार प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।---------जैसीनगर से ब्रजेन्द्र रैकवार सागर टीवी न्यूज़।-------