खुरई में मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने सिविल अस्पताल का किया लोकार्पण

खुरई। मध्यप्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने सिविल अस्पताल परिसर में संबोधित करते हुए कहा कि खुरई के इस अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं में वृद्धि हुई है। खुरई में मेडीकल काॅलेज और नर्सिंग काॅलेज खुलवाने की दिशा में हम आगे बढ़ रहे हैं। मंत्री सिंह ने सिविल अस्पताल में गर्भवती महिलाओं के लिए हाई डिपेंडेंसी यूनिट, पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट और नवजात बच्चों की देखभाल मशीनें (एनव्हीएसयू यूनिट) का लोकार्पण तथा ब्लॉक प्रोग्राम हेल्थ यूनिट बिल्डिंग, लेब और अन्य कार्यों का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर अस्पताल के स्टाफ ने मंत्री सिंह का नागरिक अभिनंदन किया। आधुनिक उपचार मशीनों के लोकार्पण और बीपीएचयू के भूमिपूजन समारोह में संबोधित करते हुए मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि विधायक बनने के बाद शुरू से ही यहां मेडिकल कॉलेज बनाने का उद्देश्य रहा है। जब पहली बार यहां से विधायक बना, उन दिनों खुरई अस्पताल की हालत बहुत ही दयनीय थी। आज यहां के सिविल अस्पताल में उपचार की जो आधुनिक व्यवस्थाएं हैं, वैसी अनेक प्राइवेट अस्पतालों में नहीं हैं।
मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि आज खुरई में डायलेसिस, सोनोग्राफी मशीन, आक्सीजन प्लांट, चार एम्बूलेंस हैं। सिविल अस्पताल परिसर में पार्क है, ढाई करोड़ लागत से नया रोड, लाईटिंग व्यवस्था और पानी के लिए बोर की व्यवस्था की गई है। महिलाओं और बच्चों के लिए आज तीन आधुनिक मशीनों का लोकार्पण हुआ है। यहां चिकित्सकों के रिक्त पद भरने के प्रयास भी किये जा रहे हैं। सिविल अस्पताल के पास की 12 एकड़ जमीन से अतिक्रमण हटवाकर उसे मेडीकल काॅलेज के लिए आरक्षित कराया गया है। यहां नर्सिंग काॅलेज खुले, इसके लिए भी प्रयास किये जा रहे हैं। डोहेला महोत्सव के समय जनवरी में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह जी खुरई आएंगे और खुरई का गौरव दिवस मनाया जाएगा। तब मुख्यमंत्री से मेडिकल काॅलेज और नर्सिंग कॉलेज खोले जाने का अनुरोध करेंगे।


By - sagartvnews
06-Dec-2022

YOU MAY ALSO LIKE

Sagartvnews subscribe on youtube



NEWSLETTER

सागर टीवी न्यूज़ से सबसे पहले न्यूज़ लेने के लिए अभी अपना ईमेल डालें और सब्सक्राइब करें
Sagar TV News.