सागर- कांग्रेसियों ने निकाली तिरंगा सम्मान यात्रा, बारिश के बीच लहराया तिरंगा
सागर में बारिश के बीच कांग्रेसियों ने तिरंगा यात्रा निकाली। आजादी की 75 वीं वर्षगांठ पर निकाली जा रही तिरंगा सम्मान यात्रा में कांग्रेस जनों ने बारिश के बावजूद शान से तिरंगे लहराते हुए राष्ट्रप्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देशन में तिली और बाघराज वार्ड में भारत जोड़ो तिरंगा सम्मान पदयात्रा निकाली। दरअसल कांग्रेस द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव के तहत निकाली जा रही इन पद यात्राओं के द्वारा आजादी के मूल्यों और तिरंगे के सम्मान की रक्षा का संदेश दिया जा रहा है। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता डॉ. संदीप सबलोक ने आह्वान किया कि आजादी के अमृत महोत्सव के साथ ही हर देशवासी को तिरंगे का सम्मान बढ़ाने के साथ ही धर्म और जाति के नाम पर समाज को तोड़ने वाली ताकतों को खत्म करने के लिए आगे आना चाहिए। तिली वार्ड के द्वारिका विहार के पास से शुरू हुई यात्रा रुक-रुक कर हो रही तेज और धीमी बारिश के बाद भी रुकी नहीं। बारिश की फुहारों के बीच हाथों में तिरंगे थामे कांग्रेसियों की यह यात्रा धर्मदास बाबा गल्ला मैदान से होते हुए तिली चौराहा राजघाट चौराहा से होते हुए पटेल बाबा मंदिर प्रांगण वाघराज वार्ड में समापन हुआ। जहां वार्डों की तंग गलियों से गुजरने पर स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर तिरंगे के प्रति अपनी आस्था और सम्मान प्रकट किया। इसके बाद आखिर में तिरंगे को सम्मान पूर्वक रखा गया।